उदयपुर कन्हैयालाल हत्याकांड की जांच में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। आरोपियों के पाकिस्तान में बैठे आतंकवादियों से संबंध होने की बात सामने आ चुकी है। वहीं, अब मामले की जांच कर रहीं एजेंसियों के सामने एक और सवाल खड़ा हो गया है, क्या कन्हैया के हत्यारे भाजपा के किसी बड़े नेता पर हमले की तैयारी में थे? यह सवाल इसलिए उठ रहा है, क्योंकि भाजपा नेताओं के साथ कन्हैया के हत्यारे रियाज की फोटो सामने आई हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मोहम्मद रियाज अत्तारी भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा का कार्यकर्ता बनना चाह रहा था। पाकिस्तानी में बैठे आतंकी सलमान हैदर और अबु इब्राहिम ने उसे ऐसा करने के लिए कहा था। दोनों आतंकी चाहते थे कि वह भाजपा से जुड़कर उन्हें अंदर की सूचनाएं दे।
बताया जा रहा है कि आतंकियों ने रियाज को अल्पसंख्यक मोर्चे के जरिए भाजपा के बड़े नेताओं तक भी पहुंचने के निर्देश दिए थे। उन्होंने रियाज से कहा था कि नेताओं का भरोसा जीतकर वह पार्टी की बैठकों में शामिल हो और वहां मिली जानकारी उन्हें भेजे। अपने आकाओं से मिले निर्देश का पालन करने के लिए वह तीन साल से पार्टी के बड़े नेताओं तक पहुंचने की कोशिश कर रहा था।
आतंकियों की योजना थी कि रियाज भाजपा में शामिल होकर बड़े नेताओं के करीब आए और फिर कोई बड़ा कांड करे। ऐसे में जांच एजेंसियों के सामने सवाल खड़ा हो गया है कि क्या हत्यारों और उनके आकाओं के निशाने पर भाजपा का कोई बड़ा नेता था? इस बारे में अब जांच की जा रही है।