सिरोही जिले के माउंट आबू पर इंद्रदेव मेहरबान हैं। बीते 24 घंटों में माउंट आबू में सबसे अधिक 38 मिमी बारिश दर्ज की गई है। आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और वातावरण में छाई धुंध के कारण मौसम अत्यंत मनमोहक हो गया है। पहाड़ियों ने हरियाली की चादर ओढ़ ली है, वहीं प्राकृतिक नालों और झरनों में बहाव शुरू हो गया है, जिससे माउंट आबू की सुंदरता और भी निखर उठी है। मौसम में आए इस परिवर्तन के कारण न सिर्फ राजस्थान, बल्कि गुजरात समेत कई स्थानों से पर्यटक यहां का रुख कर रहे हैं।