रथ पर सवार अमित शाह और भाजपा नेता।
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा की सरकार बन रही
इससे पहले अमित शाह ने जयपुर में प्रेस वार्ता की। उन्होंने कहा- मैंने पूरे राजस्थान का दौरा किया है। मैं विश्वास के साथ कहता हूं कि यहां भाजपा की सरकार बनने जा रही है। हर क्षेत्र में विफल और नाकाम रही कांग्रेस सरकार को विदाई देने का मन राजस्थान की जनता ने मना लिया है।
भाजपा ने चार गुना पैसा दिया
अमित शाह ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा- कि केंद्र में आपकी की सरकार थी तो राजस्थन के लिए क्या किया? हमनें करीब 10 साल में दो लाख करोड़ रुपये राजस्थान को दिए हैं। सात लाख करोड़ रुपये के काम केंद्रीय प्रोजेक्ट के रूप में किए हैं। इनमें नेशनल हाइवे, रेलवे स्टेशनों का अपग्रेडेशन, नई रेलवे लाइन और कोटा में नया ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा बनाया गया है। पांच करोड़ लोगों को किसान सम्मान निधि, आयुष्मान योजना और पीएम आवास योजना का लाभ भी दिया है।
प्रदेश में रोजाना हुए 19 दुष्कर्म
शाह ने कहा, राजस्थान में पांच साल में दो लाख से ज्यादा महिलाओं पर अत्याचार के केस दर्ज हुए हैं। 35 हजार से ज्यादा दुष्कर्म की घटनाएं हुईं। 15 हजार से ज्यादा बच्चियों के साथ दुष्कर्म हुए हैं। यहां हर दिन दुष्कर्म के 19 मामले सामने आए हैं। तुष्टीकरण की राजनीति के चलते आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती।
मंदिरों पर बुलडोजर चले, दंगाइयों पर कार्रवाई नहीं की
शाह ने कहा- सालासर में राम दरबार पर बुलडोजर चलाया, अलवर में शिवलिंग को ड्रिलिंग मशीन से तोड़ दिया गया। कठूमर में गौशाला पर बुलडोजर चला, राजस्थान में तुष्टीकरण के सैकड़ों मामले हैं। गहलोत सरकार में तुष्टीकरण की राजनीति चरम पर है। पांच साल में छबड़ा, भीलवाड़ा, करौली, जोधपुर, चित्तौड़गढ़, नोहर, मेवात, मालपुरा और जयपुर में सुनियोजित दंगे हुए हैं। लेकिन, वोट बैंक के कारण गहलोत सरकार ने दंगाइयों पर ठोस कार्रवाई नहीं की।