रेशमा उर्फ नैना मंगलानी, उम्र 22 साल 19 जनवरी 2020 को पति अयाज अहमद अंसारी के साथ स्कूटी से घर से निकली। उसे उम्मीद थी कि शायद अब उसके और अयाज के बीच सब कुछ ठीक हो जाएगा, लेकिन इस उम्मीद के साथ घर से निकली नैना धोखे और खूनी साजिश का शिकार हो गई।
वह फिर कभी वापस घर नहीं आई, परिजनों ने उसे कई बार कॉल किया, लेकिन हर बार उसका फोन बंद आया। घर में दो महीने के बच्चे को छोड़कर गई नैना देर रात तक वापस नहीं लौटी तो उसके परिवार वालों की चिंता और बढ़ गई। उन्होंने नैना की तलाश शुरू की, उसके दोस्तों और आसपास के रिश्तेदारों से पता किया गया, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।
परिजनों ने उसके पति अयाज को कॉल किया तो उसने भी जानकारी होने से मना कर दिया। कोई और रास्ता नहीं दिखने पर नैना के परिवार वाले थाने पहुंचे और उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। किसी पर शक होने के सवाल पर परिजनों ने पुलिस को अयाज का नाम बताया, क्योंकि नैना उसी के साथ घर से निकली थी।