भारत के चार दिवसीय आधिकारिक दौरे पर पहुंचे अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेम्स डेविड वेंस सोमवार देर शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद जयपुर पहुंच गए। वे दिल्ली से अमेरिकी वायुसेना के विशेष विमान से जयपुर एयरपोर्ट पर उतरे, जहां से कुछ देर रुकने के बाद वे रामबाग पैलेस होटल के लिए रवाना हो गए।
दिल्ली में प्रधानमंत्री निवास 7 लोक कल्याण मार्ग पर आयोजित भेंटवार्ता में जेडी वेंस के साथ उनकी पत्नी उषा वेंस और तीनों बच्चे इवान, विवेक और मिराबेल भी शामिल रहे। प्रधानमंत्री मोदी ने स्वयं अपने निवास द्वार पर वेंस परिवार का स्वागत किया और बच्चों को मोरपंख भेंट करते हुए उन्हें अपने आवास का गार्डन भी दिखाया।
यह भी पढ़ें- Jaipur: CM भजनलाल का प्रस्तावित कार्यक्रम, अमेरिकी उपराष्ट्रपति से मुलाकात से लेकर डिजिटल एप्स लॉन्च तक; जानें
बिलेट्रल वार्ता में व्यापार, ऊर्जा और रक्षा पर चर्चा
वेंस और उनके प्रतिनिधिमंडल के साथ पीएम मोदी ने द्विपक्षीय वार्ता की। इसमें बाइलेट्रल ट्रेड डील, ऊर्जा, रक्षा, और स्ट्रेटेजिक टेक्नोलॉजी जैसे अहम मुद्दों पर सहयोग को बढ़ावा देने पर सहमति बनी। भारत-अमेरिका संबंधों में यह एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है, खासकर वेंस के उपराष्ट्रपति बनने के बाद उनके पहले भारत दौरे को लेकर।