Kotputli Borewell Rescue: राजस्थान के कोटपूतली में 700 फीट गहरे बोरवेल में तीन साल की चेतना अभी भी फंसी हुई है। आज बोरवेल में गिरे हुए उसे सातवां दिन है, इतने दिन से मासूम बच्ची भूखी-प्यासी है। वह 120 फीट की गहराई पर एक हुक से लटकी हुई है। चेतना को निकालने के लिए एनडीआरएफ के जवान 170 फीट गहरे गड्ढे में सुरंग खोद रहे हैं, लेकिन खुदाई के दौरान बीच में आ रहे पत्थरों से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेस्क्यू टीम ड्रिल मशीन से पत्थरों को काटकर रास्ता बनाने की कोशिश कर रही है। रेस्क्यू अभियान में जुटे अधिकारियों का कहना है कि यदि जल्दबाजी की गई तो मिट्टी के धंसकने की आशंका है इसलिए सावधानीपूर्वक काम किया जा रहा है।
गौरतलब है कि चेतना को रेस्क्यू करने वाली टीम ने आज चेतना को बाहर निकालने का दावा किया था, लेकिन उपर्युक्त कारणों से अब टीम को सफलता नहीं मिल पाई है। रेस्क्यू टीम अब भी प्रयासों में लगी हुई है।
राजस्थान का सबसे मुश्किल ऑपरेशन
इससे पहले जिला कलेक्टर कल्पना अग्रवाल का कहना है कि यह राजस्थान का सबसे मुश्किल ऑपरेशन है। खुदाई में कई तरह की परेशानी आ रही हैं। इधर, चेतना की मां धोली देवी बेटी को निकालने में हो रही देरी से बहुत परेशान हैं। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। वे हाथ जोड़कर वस एक ही विनती कर ही हैं कि मेरी बेटी को जल्दी बाहर निकाल दो।