धनतेरस के अवसर पर जयपुर समेत पूरे राजस्थान के बाजार रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठे हैं। दीपावली के इस पर्व पर जयपुर के बाजार अलग-अलग थीम पर सजे हैं, जिनमें प्रमुख रूप से अयोध्या थीम का आकर्षण छाया हुआ है। ज्यादातर बाजारों में भगवान श्रीराम और अयोध्या की झांकी प्रस्तुत की गई है। रोशनी की विशेष सजावट में हनुमान जी की प्रतिमा भी आकर्षण का केंद्र है, जो सीना चीरकर भगवान राम की तस्वीर दिखा रही है।
एमआई रोड पर विशेष सजावट
जयपुर के एमआई रोड पर अजमेरी गेट से लेकर गवर्नमेंट हॉस्टल तक लगभग 3.3 किमी की लंबाई में विशेष लाइटिंग की गई है। इसे दीपोत्सव के दौरान सात दिनों तक प्रदर्शित किया जाएगा, जो जयपुर में सबसे ज्यादा दिन तक चलने वाली सजावट है। इस मार्ग पर हनुमान जी की मूर्ति भी विशेष रूप से लगाई गई है, जो लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही है।