पीएम मोदी के भाषण की बड़ी बातें।
- फोटो : अमर उजाला
सीधा सीने पर प्रहार किया, यह न्याय का नया स्वरूप है
पीएम मोदी ने कहा- यह प्रतिशोध नहीं, बल्कि न्याय का नया स्वरूप है। यह ऑपरेशन सिंदूर है। यह आक्रोश नहीं, समर्थ भारत का रौद्र रूप है। यह भारत का नया स्वरूप है। पहले घर में घुसकर हमला किया था, अब सीधा सीने पर प्रहार किया गया है। आतंक का फल कुचलने की यही नीति है, यही रीति है, यही भारत है और यही नया भारत है।
तीन नियम तय किए, हमले का करार जवाब देंगे
पीएम मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने तीन नियम तय किए हैं। अगर, भारत पर आतंकी हमला हुआ तो उसका करारा जवाब दिया जाएगा। इसे देश के विरुद्ध युद्ध माना जाएगा, समय सेना तय करेगी। एटम बम की गीदड़ भभकी से भारत डरने वाला नहीं है। आतंकियों और आतंकपरस्त सरकार को एक ही माना जाएगा। पाकिस्तान का "स्टेट और नॉन-स्टेट" वाला खेल अब नहीं चलेगा। भारत ने पूरी दुनिया में पाकिस्तान की पोल खोलने के लिए सात अलग-अलग प्रतिनिधिमंडल भेजे हैं। पाकिस्तान का असली चेहरा पूरी दुनिया को दिखाया जाएगा।
मेरी नसों में सिंदूर बह रहा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- पाकिस्तान एक बात भूल गया कि अब मां भारती का सेवक मोदी यहां सीना तानकर खड़ा है। मोदी का दिमाग ठंडा है, ठंडा रहता है, लेकिन मोदी का लहू गर्म होता है। अब तो मोदी की नसों में लहू नहीं, गर्म सिंदूर बह रहा है। अब भारत ने साफ कर दिया है कि हर आतंकी हमले की पाकिस्तान को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। ये कीमत, पाकिस्तान की सेना और पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था चुकाएगी।