फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Uma Bharti: उमाभारती ने फिर भरी हुंकार, बोलीं- मैं जब तक जिंदा हूं राजनीति करती रहूंगी, आप लोग साथ देना

Fri, 20 Mar 2026 08:09 PM IST
टीकमगढ़ ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, टीकमगढ़

सार

पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने अपने सियासी जीवन को लेकर फिर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जीवनभर राजनीति और समाजसेवा करना चाहती हूं। अवंती बाई लोधी को नमन करते हुए उन्होंने उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प जताया। स्वास्थ्य ठीक न होने के बावजूद जनता से समर्थन और आशीर्वाद की अपील की।

विज्ञापन
1 of 3
उमा भारती ने सियासी जीवन को लेकर मंशा जताई है। - फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की फायरब्रांड नेत्री मानी जाने वाली उमा भारती ने राजनीति पर फिर बयान दिया है। उन्होंने मंच से साफ शब्दों में कहा है कि जब तक जीयूंगी, तब तक राजनीति करती रहूंगी। उनके इस बयान के बाद सियासी गलियारों में फिर चर्चा शुरू हो गई है। 

टीकमगढ़ शहर के गर्ल्स कॉलेज में वीरांगना अवंती बाई लोधी के बलिदान दिवस के अवसर पर एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राएं, स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत वीरांगना अवंती बाई के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित जनसमूह ने उनके साहस, बलिदान और देशभक्ति को नमन किया।



बताया अपना संकल्प
मंच से संबोधित करते हुए उमा भारती भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि अवंती बाई का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है और उनके आदर्शों को अपनाकर ही समाज और देश को मजबूत बनाया जा सकता है। जब तक मैं जिंदा हूं, राजनीति करूंगी और समाज की सेवा में लगी रहूंगी। बहुत लंबा जीने का मन है। यह मेरा संकल्प है कि वीरांगना अवंती बाई के सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करती रहूं। 

 
विज्ञापन

2 of 3
पूर्व सीएम उमा भारती - फोटो : अमर उजाला
जनता से मांगा आशीर्वाद
उमा भारती ने अपने स्वास्थ्य का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उनका स्वास्थ्य पिछले कुछ समय से पूरी तरह ठीक नहीं है, लेकिन इसके बावजूद वे जनता के बीच रहकर काम करना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें जनता के आशीर्वाद और समर्थन की आवश्यकता है, जिससे वे आगे भी समाजहित के कार्य करती रहें। उन्होंने कहा कि आप लोगों में से एक भी व्यक्ति मेरे साथ खड़ा रहेगा तो लगेगा कि मैं अकेली नहीं हूं। आप लोगों का आशीर्वाद रहे, शुभकामनाएं मिलें। उमा ने कहा कि ज्यादा से ज्यादा यही हो जाएगा कि हम नहीं चल पाएंगे तो आप लोग उठाकर बिठा दिया करना। मैं तो कहती हूं कि तीन चीजें काम करना चाहिए- वाणी, कान और आंख। मुझे सुनाई दे, मैं देख पाऊं और मैं बोल पाऊं। जब तक ये रहेगा, तब तक मैं आप लोगों के लिए पूरी ताकत से संघर्ष करूंगी।

 
विज्ञापन
विज्ञापन

3 of 3
उमा भारती, पूर्व सीएम, मध्य प्रदेश - फोटो : अमर उजाला
देशभक्ति को बनाएं जीवन का हिस्सा
पूर्व मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ आत्मनिर्भरता और आत्मसम्मान भी जरूरी है। महिलाओं की भागीदारी के बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिनमें छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। अंत में आयोजकों द्वारा अतिथियों का सम्मान किया गया। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें