उज्जैन में दिल्ली के निर्भया कांड जैसा मामला सामने आना शर्मनाक है। मामले की जांच एसआईटी कर रही है। पुलिस ने इंदौर रोड के सिंहस्थ क्षेत्र के साथ ही बड़नगर रोड पर लगे लगभग 400 सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी खंगाल डाली। फुटेज के दौरान पुलिस को एक ऑटो लगातार नाबालिक के आसपास घूमता दिखाई दिया था। ऑटो नंबर के आधार पर एक संदेही को हिरासत में लिया है, और पूछताछ जारी है।
बता दें कि उज्जैन जिले के बड़नगर रोड स्थित मुरलीपुरा क्षेत्र में दंडी स्वामी आश्रम के पास सोमवार को एक नाबालिग बेसुध अवस्था में मिली थी जिसे देखकर ही यह अंदाजा लगाया जा सकता था कि उसके साथ कोई अनहोनी घटना घटित हुई है। महाकाल थाना पुलिस नाबालिग को लेकर थाने पहुंची थी इसके बात उसकी गंभीर हालत को देखकर उसे तुरंत मेडिकल के लिए चरक अस्पताल ले जाया गया था। जहां डॉक्टरों ने नाबालिक के प्राइवेट पार्ट्स में गंभीर चोट आने की बात बताई थी और उसे इंदौर अस्पताल ले जाने को भी कहा था। नाबालिग को उपचार हेतु इंदौर भेजने के साथ ही एसपी सचिन शर्मा ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत एसआईटी की टीम गठित की थी और इस बात के कड़े निर्देश दिए थे कि जल्द से जल्द इस मामले को सुलझाया जाए।
पुलिस मंगलवार से ही इस पूरे मामले की खोजबीन में जुटी हुई थी जिसके लिए इंदौर रोड के सिंहस्थ क्षेत्र के साथ ही बड़नगर रोड पर लगे लगभग 400 सीसीटीवी कैमरे के फुटेज पुलिस ने खंगालने के साथ ही इस मामले मे हर उस प्रश्न का जवाब खोजने का प्रयास किया जिससे इस दुष्कर्म के मामले को सुलझाया जा सकता है। सीसीटीवी फुटेज के दौरान पुलिस को एक ऑटो लगातार नाबालिक के आसपास घूमता दिखाई दिया था। हमारे सोर्स बताते हैं कि ऑटो के नंबर के आधार पर ही पुलिस ने संदेही का पता लगाया और उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है।
मामले को लेकर एसपी सचिन शर्मा ने अमर उजाला को बताया कि दो दिनों पूर्व हुए घटनाक्रम मे प्रकरण दर्ज किया जा चुका है और संदिग्ध से पूछताछ भी की जा रही है। कुछ परिस्थिति जनक साक्ष्य हमें मिले थे लेकिन जब तक हम पूरी तरह श्योर नहीं हो जाते तब तक हमारी विवेचना जारी रहेगी। अब तक की स्थिति मे किसी की भी गिरफ्तारी नहीं की गई है। कुछ साक्ष्य पर कार्यवाही की जा रही है। लेकिन जब तक सत्यापित मेडिकल रिपोर्ट नहीं आ जाती इस बारे में कुछ भी नहीं कहा जा सकता हमें मेडिकल रिपोर्ट आने का इंतजार है। अभी हमने किसी की भी गिरफ्तारी नही की है।