महाकाल की वेबसाइट पर जानकारी भी गलत है
- फोटो : सोशल मीडिया
श्री महाकालेश्वर मंदिर के सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने बताया कि मंदिर में प्रतिदिन 1800 श्रद्धालु बाबा महाकाल की भस्मआरती में शामिल होते हैं जिसमें ऑनलाइन प्रक्रिया से 400 श्रद्धालु, ऑफलाइन प्रक्रिया से 300 और प्रोटोकॉल से लगभग 1100 श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश दिया जाता है। भस्मआरती में शामिल होने के लिए प्रोटोकॉल की व्यवस्था तो फिर भी ठीक है लेकिन इस व्यवस्था के अंतर्गत सबसे अधिक परेशानी ऑनलाइन बुकिंग करने वाले श्रद्धालुओं को आती है, क्योंकि मंदिर की लिंक रात 12 बजे बाद महज कुछ समय के लिए ही खुलती है और इस पर बुकिंग इतनी तेजी से पूरी होती है कि कुछ श्रद्धालु तो लिंक खोलने का इंतजार करते ही रहते हैं और यह बुकिंग पूरी भी हो जाती है।
ये भी पढ़े: अफसरों ने महाकाल को बनाया 'वीआईपी का भगवान', भक्त हो रहे दूर, पैसे नहीं तो 150 फीट से दर्शन
देर रात को खुलती है लिंक वेबसाइट बता रही गलत समय
महाकालेश्वर मंदिर की वेबसाइट पर भस्म आरती की बुकिंग करवाने पर इन दिनों एक माह आगे तक का इंतजार करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि आज सुबह जब महाकालेश्वर मंदिर की वेबसाइट www.shrimahakaleshwar.com खोलकर भस्मआरती की टिकट बुकिंग करने का प्रयास किया गया तो ऑनलाइन बुकिंग के लिए 6 जून 2023 का स्लॉट बुक मिली। जबकि आज जो बुकिंग होगी वह 7 जून 2023 के लिए होगी। इस वेबसाइट पर एक समस्या यह भी सामने आई कि वेबसाइट पर भस्मआरती की बुकिंग के लिए सुबह 8 बजे से रात 9 बजे तक का समय लिखा हुआ है, लेकिन महाकालेश्वर मंदिर के कार्यालय पर जानकारी मिली कि यह लिंक प्रतिदिन रात 12 बजे बाद खुलती है।