पैदल पुल बनने से श्रद्धालुओं को होगी सुविधा
- फोटो : अमर उजाला
हरसिद्धि व चारधाम मंदिर पहुंच पाएंगे श्रद्धालु
पर्व त्योहारों पर महाकाल मंदिर के आसपास के मार्गों पर अत्यधिक भीड़ होने से श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को तेजी से बाहरी मार्ग पर पहुंचाने के लिए रूद्र सागर पर पैदल पुल बनाया जा रहा है। जिससे निर्गम द्वार से निकलकर श्रद्धालु इस पुल से सीधे हरसिद्धि-चारधाम मार्ग पर पहुंच सकेंगे। इससे बड़ा गणेश वाले मार्ग पर भीड़ का दबाव कम होगा। मार्ग पर आवागमन रुकने की स्थिति में भी यह पुल अतिरिक्त मार्ग के रूप में काम आएगा।
200 मीटर लंबा, छह मीटर चौड़ा होगा
स्मार्ट सिटी ने इस पुल को बनाने के पहले कई तरह के ब्रिज के डिजाइन और निर्माण शैली को लेकर मंथन किया था। पुल के कारण मंदिर की सुंदरता पर कोई असर न हो तथा वह ज्यादा सुविधाजनक भी रहे, इसके लिए आरसीसी ब्रिज बनाने पर सहमति जताई गई थी। यह ब्रिज 200 मीटर लंबा और छह मीटर चौड़ा बनाया जा रहा है । इसकी भुजाएं कांक्रीट के साथ पत्थरों से सजाई जाएंगी। पुल की ऊंचाई इतनी होगी कि उसके कारण हरसिद्धि-चारधाम मार्ग से भी महाकाल मंदिर का शिखर दिखाई दे सकेगा।