मध्यप्रदेश में लोगों ने प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों के दर्शन कर नए साल का आगाज किया। आस्था के पावन धामों पर भक्तों का जमकर सैलाब उमड़ा, जिसने बीते वर्षों के रिकॉर्ड तोड़ दिए। ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर से लेकर मैहर स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ में लाखों की संख्या में भक्त पहुंचे और भगवान का दर्शन कर नए साल की शुरुआत की। आइए आपको बताते हैं, नए साल के मौके पर कहां कितने श्रद्धालु पहुंचे।
6.5 लाख भक्तों ने किए बाबा महाकाल के दर्शन
बाबा महाकाल के दर पर यूं तो सालभर भक्तों का मेला लगा रहता है। यहां रहने वाले लोग अपने दिन की शुरुआत बाबा महाकाल के दर्शनों के साथ ही करते हैं, तो फिर ऐसे में वह नव वर्ष का आगाज बिना बाबा के दर्शन के कैसे कर सकते हैं। महाकालेश्वर में नए साल के मौके पर करीब 6.5 लाख दर्शनार्थियों के दर्शन पहुंचने का दावा किया जा रहा है। 31 दिसंबर के दिन महाकाल मंदिर में पैर रखने की जगह नहीं थी, तो वहीं एक जनवरी को 31 दिसंबर से भी ज्यादा भक्तों ने बाबा के दरबार में हाजिरी लगाई। सुबह भस्म आरती से लेकर देर रात कर भक्त बाबा के दर्शन करने के लिए उमड़ते रहे।
मंदिर प्रशासन ने भारी भीड़ को देखते हुए सिर्फ 40 मिनिट में भक्तों को दर्शन कराने की व्यवस्था की थी, तो वहीं गर्भगृह और नंदी हॉल में पांच जनवरी तक के लिए प्रवेश पर रोक लगाई है। भस्म आरती के लिए होने वाली बुकिंग 13 जनवरी तक के लिए फुल हो चुकी है। महाकाल लोक बनने के बाद यहां पहुंचने वाले भक्तों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।