सागर में आयोजित कार्यक्रम में जुटी भीड़।
- फोटो : Amar Ujala Digital
भाजपा ने जनादेश का अपमान किया
खरगे ने आरोप लगाया कि भाजपा ने जनादेश का अपमान किया है। 2018 में कर्नाटक में भाजपा हारी और हमारी गठबंधन की सरकार बनी। फिर आप लोगों ने मध्य प्रदेश में बीजेपी को हराया और कांग्रेस की सरकार बनी। दोनों राज्यों में हारने के बाद बीजेपी ने खेल शुरू किया। उनकी पिछली सरकार के काले कारनामे सामने आने लगे थे। सीबीआई, ईडी और सरकारी एजेंसिंया लगा कर पहले जुलाई 2019 में कर्नाटक में चुनी हुई सरकार गिराकर चोर दरवाजे से अपनी सरकार बना ली। मार्च 2020 में कोरोना के दौरान मध्य प्रदेश में सरकार बनाई।
बीजेपी के पास वॉशिंग मशीन
खरगे ने कहा कि बीजेपी के लिए कांग्रेस या दूसरे दलों के लोग तब तक बुरे और परिवारवादी होते हैं, जब तक बीजेपी में न चले जाएं। बीजेपी के पास ऐसी वाशिंग मशीन है जिसमें डाल कर उनको मोदीजी और शाहजी पवित्र कर देते हैं। सरकारें गिराने वाली टीम के मुखिया ही अब मध्य प्रदेश में कांग्रेस की पुरानी सरकारों के कामकाज का ब्यौरा मांग रहे हैं। ये सरकारें आपने किस लालच या मजबूरी में गिरायी थीं। मणिपुर, गोवा, महाराष्ट्र और कई राज्यों में लोकतांत्रिक तरीके से चुनी सरकारों को उन्होंने गिराया। ऊपर से लोकतंत्र-संविधान की बड़ी-बड़ी बातें करते हैं।
बुंदेलखंड पैकेज का क्या हुआ
खरगे ने कहा कि बुंदेलखंड पैकेज का क्या हुआ? मोदीजी ने सागर की झील और लाखा बंजारा का जिक्र करते हुए कहा कि लाखा बंजारा ने इतने वर्ष पहले पानी की अहमियत को समझा था, कांग्रेस ने नहीं। पर मोदीजी ने बुंदेलखंड पैकेज पर क्यों कुछ नहीं कहा। आप लोग जानते हैं कि राहुलजी के प्रयासों से 2009 में बुंदेलखंड पैकेज बना था। बीजेपी सरकार ने ढंग से इस पैकेज का उपयोग किया होता तो आज यहां की तस्वीर बदल गयी होती। शिवराज सरकार में पैकेज में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ। कुछ निर्माण कागज पर ही हुए। ठीक से काम होता तो शहरों को पलायन रुकता, गरीबी मिटती,कृषि उत्पादकता बढ़ती, पानी की दिक्कत कम होती।
शाह बताएं, आदिवासी के मुंह पर पेशाब करने वाला कौन था
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पिछले दिनों मध्य प्रदेश की सरकार का रिपोर्ट कार्ड जारी किया था। इस पर खरगे ने कहा कि अमित शाह ने 20 अगस्त को मध्य प्रदेश का 20 साल का रिपोर्ट कार्ड जारी करके बहुत कुछ कहा। यूपीए सरकार पर बहुत झूठी बातें कहीं। हमसे 53 साल का हिसाब मांगा है। ये खेती नहीं करते लेकिन आंकड़ों की खेती जानते हैं। अमित शाहजी को मैं कहना चाहूंगा कि हम 53 साल का पूरा हिसाब देने को तैयार हैं, लेकिन पहले आप उन 254 घोटालों का हिसाब दे दीजिए, जिसका पूरा कच्चा-चिट्ठा हाल में कमलनाथजी ने दिया है। अमित शाह जी से मैं पूछना चाहता हूं कि आदिवासी युवक के मुंह पर पेशाब करने वाला किस पार्टी का है? आदिवासियों की जमीन गैर-आदिवासियों को बेचने वाले कौन हैं?
कमलनाथ बोले- रिपोर्ट कार्ड नहीं रेट कार्ड जारी करें सरकार
कमलनाथ ने भी जनसभा को संबोधित करते हुए शिवराज सरकार पर जमकर हमले बोले। उन्होंने कहा कि खरगे जी, आप हमारे मध्य प्रदेश की पावन भूमि पर पधारे हैं, परंतु दुर्भाग्य है कि ये प्रदेश बेरोजगारी में नंबर वन है। भ्रष्टाचार में नंबर वन है। अत्याचार में नंबर वन है। दुर्भाग्य है कि हमारा मध्य प्रदेश अब घोटाला प्रदेश और भ्रष्टाचार प्रदेश बन चुका है। यहां आज भाजपा की पहचान प्रचार, भ्रष्टाचार और अत्याचार से है। इन्हें 18 वर्षों बाद अपनी रिपोर्ट देने की याद आई मैं कहता हूं कि रिपोर्ट कार्ड नहीं अपना रेट कार्ड जारी कर दो क्योंकि आज प्रदेश में यही तो हो रहा है पैसा दो और काम लो।