ओरछा का राजा राम मंदिर
- फोटो : अमर उजाला
51 हजार लड्डुओं का भोग
रामनवमी के अवसर पर मंदिर परिसर को भव्य रूप से फूलों और आकर्षक सजावट से संवारा गया है। जन्मोत्सव के बाद विशेष मंगला आरती का आयोजन होगा। इस मौके पर 51 हजार लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा, जबकि श्रद्धालुओं के लिए लगभग 25 क्विंटल देसी घी से बने लड्डुओं का प्रसाद भी वितरित किया जाएगा।
आज के दिन एक भव्य शोभायात्रा भी निकाली जाएगी, जिसमें भगवान राम राजा सरकार की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। शोभायात्रा में महारानी कुंवर गणेश की गोद में विराजमान भगवान राम की झलक देखने को मिलेगी, जिसे श्रद्धालु अपने घरों के सामने तिलक कर आरती उतारकर स्वागत करेंगे। इस दौरान बधाई गीत, बुंदेली नृत्य और भक्ति कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।
ओरछा में आज भी भक्तों की पदयात्रा की परंपरा कायम है, जो इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत को जीवंत बनाए हुए है। रामनवमी का यह पर्व न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि बुंदेलखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर को भी दर्शाता है।