मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) द्वारा आयोजित सहायक प्रबंधक परीक्षा-2024 (लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग) के परिणामों में धार जिले ने पूरे प्रदेश में रोशन किया है। धरमपुरी तहसील के छोटे से ग्राम तारापुर के होनहार युवा आदित्यराज सिंह ठाकुर ने इस परीक्षा में प्रथम रैंक हासिल कर पूरे मध्य प्रदेश में अपने जिले और परिवार का नाम गर्व से ऊंचा कर दिया है।
गांव में रहकर की सेल्फ स्टडी
एक साधारण किसानी और संयुक्त परिवार से ताल्लुक रखने वाले आदित्यराज ने बिना किसी महानगर के बड़े कोचिंग संस्थान जाए, अपने गांव तारापुर में ही रहकर पूरी तैयारी की। वे पिछले 4 से 5 वर्षों से लगातार एमपीपीएससी की तैयारी में जुटे थे और रोजाना करीब पांच घंटे की नियमित पढ़ाई करते थे। उनका साक्षात्कार 9 जुलाई 2026 को हुआ था, और 19 अगस्त को परिणाम आते ही पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल बन गया। बुधवार को घर पर मित्रों, परिजनों और ग्रामवासियों ने पहुंचकर उन्हें फूल-मालाएं पहनाईं और मुंह मीठा करवाकर बधाई दी।