मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को शहडोल जिले में आयोजित राज्य स्तरीय रोजगार दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए और प्रदेश के करीब 5 लाख से अधिक युवाओं को विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत ऋण स्वीकृति के चेक वितरित किए। इस अवसर पर जनता को संबोधित करते हुए सीएम चौहान ने पीडीएस दुकानों में राशन वितरण में धांधली करने वालों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि मैंने तय किया है कि राशन में अगर किसी ने गड़बड़ की तो छोड़ना नहीं है, हथकड़ी लगाकर जेल भिजवाकर चक्की पिसवाना है, ऐसे लोगों को हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। गरीब का अन्न किसी को खाने नहीं दूंगा, गड़बड़ करने वाले को चैन से जीने नहीं दूंगा।

शहडोल में आयोजित रोजगार दिवस कार्यक्रम पर सीएम ने कहा कि हर महीने में एक दिन रोजगार दिवस मनाया जाएगा। आज रोजगार दिवस के माध्यम से प्रदेश के 5 लाख 6 हजार लोगों को स्व-रोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। 29 मार्च को फिर से रोजगार दिवस मनाकर लाखों लोगों को रोजगार दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री चौहान ने स्व रोजगार योजनाओं के अंतर्गत चयनित लाभान्वित हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र और हितलाभ का वितरित किया और 617.89 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।