Jabalpur Accident News: प्रयागराज महाकुंभ से लौट रहे श्रद्धालुओं की सड़क हादसे में मौत होने का सिलसिला जारी है। मप्र में करीब हर दिन सड़क हादसों में लोगों की मौत हो रही है। मंगलवार को प्रदेश के जबलपुर जिले में भी एक भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों की हालत गंभीर है, उनका मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, जबलपुर से करीब 50 किमी. दूर नागपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर सुबह करीब नौ बजे सीमेंट से भरे ट्रक ने महाकुंभ से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैवलर को टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रैवलर पूरी तरह पिचक गई और ट्रक व पुल की रैलिंग के बीच में फंस गई। ट्रैवलर में सवार नौ लोग भी उसमें बुरी तरह फंस गए, जिनमें से सात की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर हालत में उसमें फंसे थे। जिन्हें सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्त के बाद बाहर निकालकर अस्पताल भेजा।