इंदौर अब मध्यभारत में शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यवसाय का मुख्य केंद्र बनता जा रहा है। देशभर से युवा यहां पर अपना भविष्य तलाशने के लिए आने लगे हैं। इन सबके बीच तेजी से बढ़ता अपराध भी चिंता का विषय बनता जा रहा है। एक ओर जहां पुलिस, प्रशासन और सरकार अपराधों पर रोकथाम के लिए लगातार प्रयास कर रही है वहीं दूसरी ओर अब इंदौर के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भी सामने आए हैं। इन्होंने तय किया है कि वे अपनी सोशल मीडिया रीच के माध्यम से पुलिस, प्रशासन और सरकार की मदद करेंगे और नशे और अपराध की रोकथाम के लिए काम करेंगे।
हाल ही में शहर के कई इन्फ्लुएंसरों ने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान से मुलाकात की। इस मुलाकात में सीएम ने सभी से नशा मुक्त इंदौर अभियान से जुड़ने का आग्रह किया। इन्फ्लुएंसर वीर शर्मा और पारूल अहिरवार ने बताया कि सीएम से हमारी मुलाकात बहुत यादगार रही। शहर की युवा पीढ़ी नशे से मुक्त रहे और इंदौर नशा मुक्त शहर बने इसके लिए हम सभी ने मिलकर काम करने का निर्णय लिया है। हम हमारी रील और इंटरनेट मीडिया संदेशों के माध्यम से युवाओं को जागरूक करने का काम करेंगे। हमारा प्रयास होगा कि शहर की अन्य सामाजिक संस्थाएं, वरिष्ठ नागरिक और प्रबुद्धजन भी इस अभियान से जुड़ सकें।