ग्राफिक्स
- फोटो : अमर उजाला
पेश है उनसे बातचीत के मुख्य अंशः-
मध्य प्रदेश में तीन चरण की वोटिंग हो चुकी है। प्रदेश में अब तक भाजपा का प्रदर्शन कैसा रहा है?
कैलाश विजयवर्गीयः मुझे लगता है कि तीन चरण में ही हम बहुमत के पास पहुंच चुके हैं। चौथे और पांचवें चरण में तो हम चार सौ पार जाने वाले हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 400 पार का नारा दिया है। क्या यह लक्ष्य हासिल हो सकेगा?
कैलाश विजयवर्गीयः इंदौर ही नहीं पूरे देश की जनता की इच्छा है कि हम मोदी जी को वोट दें। मतदाता जब घर से वोट डालने निकलता है तो यह सोचकर ही निकलता है कि मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है।
आप पश्चिम बंगाल के प्रभारी रहे हैं। वहां इस बार क्या माहौल है?
कैलाश विजयवर्गीयः पश्चिम बंगाल में भाजपा की लोकप्रियता बढ़ी है। ममता (बनर्जी) जी की लोकप्रियता का ग्राफ गिरा है। मुझे लगता है कि वहां 30 से 35 सीटें भाजपा को आनी चाहिए। वहां भ्रष्टाचार का मुद्दा है, पुलिस, राजनेताओं और अपराधियों के नेक्सस का मुद्दा है, जिसकी वजह से संदेशखाली जैसी घटनाएं हुई। महिलाओं के साथ दुष्कर्म हुए। रिपोर्ट तक नहीं लिखी गई। उन्हें धमकाया गया कि यदि रिपोर्ट लिखी तो तुम्हारे पति की हत्या कर देंगे। ऐसी घटनाओं पर जनता में आक्रोश होना स्वाभाविक है। वहां भर्ती परीक्षाओं से लेकर हर तरह की परीक्षाओं में धांधली हुई है। लोगों ने इनके मंत्रियों के घर में नोटों के ढेर देखे हैं। जनता में ममता जी के खिलाफ बहुत आक्रोश है।
राहुल गांधी ने इंदौर आकर आदिवासियों के आरक्षण की बात कही है। खरगोन, धार और झाबुआ सीटों पर क्या इसका असर होगा?
कैलाश विजयवर्गीयः नहीं। इसका कोई असर नहीं दिखेगा। उनकी बात को कोई गंभीरता से नहीं लेता है। मोदी जी ने भी धार और खरगोन में सभाएं की। मैं खरगोन में उनके साथ था और धार की सभा मैंने टीवी पर देखी। सभा देखकर आप अंदाजा लगा सकते हैं कि वहां आदिवासी भाइयों का गजब का रिस्पॉन्स है। गरीब कल्याण की योजनाओं का लाभ आदिवासियों तक सीधे पहुंचा है। वह लोग मोदी जी की कार्यप्रणाली से प्रभावित है।
कहा जा रहा है कि राहुल गांधी सत्ता में आते हैं तो राम मंदिर का फैसला पलट सकते हैं। इस पर क्या कहेंगे?
कैलाश विजयवर्गीयः काफी लोग इस तरह की बात कर रहे हैं। तुष्टिकरण की नीति की वजह से वह (राहुल) कुछ भी कर सकते हैं। उन पर तुष्टिकरण की नीति का बहुत ज्यादा प्रभाव है। इसी वजह से कर्नाटक में मुस्लिम भाइयों को उन्होंने आरक्षण दिया। हम मुस्लिम भाइयों के आरक्षण का विरोध नहीं करते, लेकिन आप जिनका आरक्षण काट रहे हो, वह एससी, एसटी और पिछड़ा वर्ग वास्तव में आरक्षण के हकदार हैं। आप उनका हक मारकर मुस्लिम भाइयों को दे रहे हो। यह कांग्रेस की नीति और प्रवृत्ति है। यह बहुत खतरनाक है। यह समाज को बांटने वाली नीति है। मैं समझता हूं कि इसकी जितनी निंदा की जाए, उतना कम है।