20 मई को इंदौर में होने वाली राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में नगर के ऐतिहासिक लालबाग पैलेस के गार्डन को संवारने की सौगात मिलने वाली है। लालबाग के बगीचे को भव्य रूप देने की समय -समय पर योजना बनती रहती है पर उस पर धरातल पर कार्य नहीं हो पाता। अब एक बार फिर यह सिलसिला शुरू हो रहा है। लालबाग परिसर किसी समय गुलाब गार्डन के नाम से जाना जाता था, पर देखरेख के अभाव में यह सुंदर गुलाब उद्यान लापरवाही की भेंट चढ़ गया।
इंदौर का गुलाब से बहुत पुराना नाता
लालबाग परिसर जो 72 एकड़ के विशाल भू-भाग में फैला है। इसमें चार एकड़ में होलकर राजवंश का मुख्य राजप्रासाद यानी महल निर्मित है। कभी इस लालबाग मैदान में सुंदर बगीचे हुआ करते थे इसमें प्रमुख रूप से भव्य गुलाब चक्कर गार्डन भी था। इस गुलाब गार्डन में विदेशों से बुलवाई कई प्रजातियां थीं।