मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में दक्षिण अफ्रीका से आए 12 चीतों का जोरदार स्वागत हुआ। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और वनमंत्री भूपेंद्र सिंह ने सभी चीतों को क्वारंटीन बाड़ों में रिलीज किया है। इन्हें मिलाकर कूनो में चीतों की संख्या 20 हो चुकी है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नाबिमिया से आए आठ चीतों को 17 सितंबर 2022 को क्वारंटीन बाड़ों में छोड़ा था।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस अवसर पर कहा कि हमारा मूल उद्देश्य वन्यप्राणियों को बचाना है। चीता विलुप्त हो गया था। हम उसे पुनर्स्थापित कर रहे हैं। पर्यावरण बचाने की दृष्टि से यह काम महत्वपूर्ण है। चीतों की वजह से टूरिज्म भी तेजी से बढ़ेगा। इससे अनेकों प्रकार की आर्थिक गतिविधियां होटल, होमस्टे, रिजॉर्ट को बढ़ावा मिलेगा। ट्राइबल्स के साथ रहने का आनंद अलग ही है। हम उनके बीच होमस्टे को बढ़ावा दे रहे हैं। प्रोजेक्ट चीता के तहत हम इन सब बातों पर काम कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने ट्वीट किया कि चीतों का आना एक ऐतिहासिक घटना है, सारा देश इसका साक्षी बन रहा है। पूरा मध्यप्रदेश प्रसन्नता और उत्साह के साथ चीतों का स्वागत कर रहा है। चारों ओर उत्सव का वातावरण है। सभी देशवासियों को इस अद्भुत और अनुपम क्षण के लिए बधाई! चीतों का पुनर्वास पर्यटन तथा रोजगार की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।