दमोह जिले के पटेरा ब्लॉक के कुम्हारी गांव में अनोखा क्रिकेट टूर्नामेंट खेला गया। फाइनल मैच में दोनों टीमों ने खूब चौके-छक्के बरसाए। इनके बीच ही बरातियों ने ठुमके लगाए। एक बिन मां की बेटी की शादी के लिए आयोजित इस क्रिकेट टूर्नामेंट को नाम दिया गया था- विवाह कप क्रिकेट टूर्नामेंट। बरात स्टेडियम पहुंची और वहां स्वागत-सत्कार के साथ विवाह संपन्न हुआ। क्रिकेटरों ने नगद राशि देकर शादी में अपना सहयोग भी दिया।
ग्राम कुम्हारी में रवि चौहान और उनके 11 साथियों ने इस टूर्नामेंट का आयोजन किया था। फाइनल के दौरान ही विवाह संपन्न कराया गया। कुम्हारी गांव की रानू पिता सन्नू आदिवासी का विवाह खमखेरा गांव के भूरे पिता हुकुम आदिवासी के साथ हुआ। हिंदू रीति-रिवाज से यह विवाह संपन्न कराया गया। बरात में आए 40 बरातियों का भी अतिथि सत्कार किया गया। रवि चौहान और उनकी टीम ने वर-वधू को एलसीडी, पंखा, अलमारी, डबल बेड, पलंग पेटी, सोफा सेट व घरेलू सामग्री प्रदान की और वहां से विदा किया। वधु की मां नहीं है और वर के पिता नहीं हैं।