मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली आलीराजपुर जिले को हर क्षेत्र में नंबर वन बनाया जाएगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि भविष्य में झाबुआ-आलीराजपुर अंचल में भी प्रदेश मंत्रिमंडल (कैबिनेट) की बैठक आयोजित कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया जाएगा।
गुरुवार को अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की 120वीं जयंती के अवसर पर चंद्रशेखर आजाद नगर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव के तहत सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर्स संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों से आए युवा इन्फ्लूएंसर्स से आत्मीय संवाद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया आज केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव और जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रभावी मंच बन चुका है। उन्होंने युवाओं से प्राकृतिक खेती, कृषि, जनजातीय संस्कृति, पर्यटन, स्थानीय उत्पादों और ग्रामीण नवाचार पर गुणवत्तापूर्ण डिजिटल सामग्री तैयार करने का आह्वान किया।