कैंसर अस्पताल के भूमिपूजन अवसर पर बाबा बागेश्वर
- फोटो : सोशल मीडिया
भूमिपूजन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने प्रधानमंत्री मोदी को 'बालाजी का विग्रह, सनातन क्या है' पुस्तक और स्मृति चिन्ह भेंटकर उनका स्वागत और सम्मान किया। उन्होंने मंच से स्वागत उद्बोधन के दौरान कहा कि बुन्देलखण्ड वीरों की भूमि, हीरों की भूमि और संतों की भूमि है। आज का पल अनूठा, अद्भुत और अकल्पनीय के साथ-साथ अविस्मरणीय है। एक छोटे से गांव में सामान्य आग्रह करने पर देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आए हैं। पूरा बुन्देलखण्ड उनका स्वागत करता है।
महाराजश्री ने कहा कि कैंसर अस्पताल की आधारशिला रखने का आमंत्रण स्वीकार करने से पीएम मोदी की उदारता दिखाई दे रही है। मोदी गाय, गंगा और गरीब की बात करने वाले हैं। महाराजश्री ने पीएम मोदी को विश्वमित्र की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि मोदीजी के आने से बुन्देलखण्ड की दिशा और दशा बदलने वाली है।
पीएम मोदी की मां के नाम बनेगा अस्पताल में एक वार्ड
बागेश्वर महाराज ने कहा कि पीएम मोदी बागेश्वर धाम आए और उन्होंने उनकी माताजी से भेंट की। यह अत्यंत भावुक करने वाला पल है। माताजी भी पीएम मोदी से मिलने के लिए उत्सुक थीं। महाराजश्री ने कहा कि कैंसर अस्पताल में मोदी जी की माताजी के नाम से एक वार्ड बनाया जाएगा। उन्होंने बालाजी से प्रार्थना की कि उनकी कृपा मोदी जी पर बनी रहे ताकि वे इसी तरह जनकल्याण के कार्य करते रहें।