मध्य प्रदेश में विधानसभ चुनाव में तीन माह का समय बचा है। इससे पहले कांग्रेस और भाजपा में आरोप प्रत्यारोप के सियासी और बयानबाजी भी तेज हो गई है। कर्नाटक की तर्ज पर कांग्रेस चुनाव से पहले भ्रष्टाचार और घोटालों के मुद्दे जोर शोर से उछाल रही है। शुक्रवार को पीसीसी चीफ कमलनाथ ने शिवराज सरकार के कथित 18 साल के घोटालों और भ्रष्टाचार की शीट जारी की है। साथ ही शिवराज सरकार के घोटालों को सामने लाने के लिए अभियान की भी शुरुआत की। इसके लिए 9593420420 नंबर जारी कर मिस्ड कॉल करें।
कांग्रेस ने कर्नाटक में 40 परसेंट की सरकार का अभियान चलाया और चुनावी रैलियों में भी कांग्रेस नेता भ्रष्टाचार और घोटालों पर हमला करते रहे। अब इसी फॉर्मूले पर मध्यप्रदेश कांग्रेस भी आगे बढ़ रही है। पीसीसी चीफ कमलनाथ ने प्रदेश की शिवराज सरकार पर जमकर हमला बोला। कमलनाथ ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान के 50 प्रतिशत कमीशनराज ने मध्यप्रदेश को घोटाला प्रदेश बना दिया। पीसीसी चीफ ने कहा कि शिवराज सरकार का काला चिट्ठा बहुत लंबा है, जिनमें से कुछ महत्वपूर्ण घोटालों को शामिल कर कांग्रेस पार्टी 18 साल के शिवराज सरकार के कार्यकाल की घोटाला शीट जारी कर रही है। इस शीट को कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर तक पहुंचाएंगे। कमलनाथ ने कहा कि शिवराज ने गर्भस्थ शिशु से लेकर मृत्यु को प्राप्त हो चुके मनुष्य तक को अपने घोटाले में शामिल किया। इतना ही नहीं घोटाले में भगवान को भी नहीं छोड़ा हैं। लोकतंत्र से बनी शिवराज सरकार ने सरकारी खजाने को लूट कर घोटाला करना अपना मूल मंत्र बना लिया है। उन्होंने कहा कि वह दिन दूर नहीं है जब आप गूगल पर घोटाला या स्कैम सर्च करोगे तो सामने शिवराज जी की तस्वीर आ जाएगी।