दिल्ली में कार्यक्रम में शामिल हुए उद्योगपति
- फोटो : अमर उजाला
धार पीएम-मित्रा पार्क में 15 कंपनियों ने दिखाई रूचि
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि आज दिल्ली में हुए इंटरैक्टिव सेशन में शामिल उद्योगपतियों ने मध्य प्रदेश में टेक्सटाइल सेक्टर में निवेश की रूचि दिखाई है। इससे 15 बड़ी कंपनियों से 12,508 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए है। इनमें लगभग 18 हजार से अधिक रोजगार सृजित होने की संभावना है।
इन कंपनियों के निवेश प्रस्ताव
निवेश करने वाली कंपनियों में ट्राइडेंट ने 4500 करोड़ रुपये, ए.बी. कॉटस्पिन इंडस्ट्री ने 1300 करोड़ रुपये, अरविंद मिल्स ने 1024 करोड़ रुपये, सनातन टेक्सटाइल्स ने 1000 करोड़ रुपये, बीएसएल सदस्यों ने 1000 करोड़ रुपये, बेस्ट कॉर्पोरेशन तिरूपुर ने 832 करोड़ रुपये, शर्माजी यार्न प्रा. लि. ने 800 करोड़ रुपये, आरएसवीएम (एलएनजे भीलवाड़ा) ने 700 करोड़ रुपये, आर. आर. जैन इंडस्ट्रीज ने 550 करोड़ रुपये, फेबयान टेक्सटाइल प्रा. लि. ने 308 करोड़ रुपये, वंश टेक्नोफैब प्रा. लि. ने 237 करोड़ रुपये, मोहिनी एक्टिव लाइफ प्रा. लि. ने 141 करोड़ रुपये, अनीका टेक्सफैब ने 100 करोड़ रुपये, वेदांत कॉटन प्रा. लि और एनटीपी सॉल्यूशन्स प्रा. लि. ने 8-8 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव दिए।
निवेश के लिए आदर्श राज्य
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश देश के केंद्र में स्थित है और निवेशकों के लिए अनेक अनुकूलताएं उपलब्ध कराता है। दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर मध्यप्रदेश से होकर गुजरता है। मध्यप्रदेश में 8 एयरपोर्ट हैं। विस्तृत रेल नेटवर्क हमारे राज्य को देश के सभी बड़े शहरों से जोड़ता है। उन्होंने निवेशकों से कहा कि आप मध्यप्रदेश में जहां भी उद्योग स्थापित करना चाहें, वहां भूमि, बिजली, पानी, एप्रोच रोड, नियर-टू-डोर कनेक्टिविटी, सस्ती श्रम दरें, कुशल श्रम शक्ति सहित अन्य सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश, देश का संभवतः ऐसा पहला राज्य है, जहां कभी औद्योगिक हड़ताल भी नहीं होतीं।
ये भी पढ़ें-
MP News: BJP प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का जन्मदिन आज,CM ने दी बधाई, बोले-संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे
पीएम-मित्रा पार्क भारत वैश्विक प्रतिस्पर्धा में देगा नई बढ़त: गिरिराज सिंह
केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रधानमंत्री मोदी की दृष्टि और संकल्प के साथ कदम मिलाकर कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में धार का पीएम-मित्रा पार्क केवल एक औद्योगिक परियोजना नहीं, बल्कि वस्त्र उद्योग की दशकों पुरानी मांग का समाधान है। यह पार्क भारत को वैश्विक टेक्सटाइल बाजार में एक नई पहचान देगा और देश का सबसे बड़ा एकीकृत टेक्सटाइल हब बनेगा। इस पार्क में कपास उत्पादन से लेकर तैयार वस्त्र निर्यात तक की संपूर्ण वैल्यू चेन उपलब्ध होगी, जिससे उद्योगों की लागत कम होगी और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता कई गुना बढ़ेगी। सिंह ने कहा कि भारत के सामने लगभग 800 अरब डॉलर का वैश्विक टेक्सटाइल बाजार अवसर के रूप में मौजूद है और केन्द्र सरकार इसे हासिल करने के लिए हर संभव कदम उठा रही है।
माहेश्वरी-चंदेरी जैसी विरासत को आधुनिक ढांचे से जोड़ा जा रहा : नीलम शमी राव
केंद्रीय कपड़ा सचिव नीलम शमी राव ने कहा कि मध्य प्रदेश ने औद्योगिक विकास के लिए ग्रीनफील्ड भूमि उपलब्ध कराकर देश में एक उदाहरण प्रस्तुत किया है। धर का पीएम-मित्रा पार्क 2,158 एकड़ भूमि पर विकसित किया जा रहा है और यह देश का सबसे बड़ा व सबसे लागत-प्रभावी टेक्सटाइल पार्क होगा। इस पार्क की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां ‘फार्म-टू-फैशन’ की पूरी वैल्यू चेन उपलब्ध कराई जाएगी। कपास उत्पादन से लेकर वस्त्र निर्माण और तैयार परिधान तक की सभी प्रक्रियाएं एक ही स्थान पर होंगी। इस पार्क के लिए लगभग 2,000 करोड़ रूपये की विस्तृत योजना तैयार की गई है और इसका पर्यावरणीय मंजूरी पहले ही सुनिश्चित की जा चुकी है, जिससे निवेशकों को अतिरिक्त औपचारिकताओं से मुक्त रहना होगा।
ये भी पढ़ें-
MP News: प्रदेश सरकार तीन साल का रोलिंग बजट तैयार करेगी, देवड़ा बोले- विकसित मध्य प्रदेश का मजबूत आधार बनेगा
उद्योगपतियों से की वन-टू-वन चर्चा
इंटरैक्टिव सेशन में टेक्सटाइल और गारमेंट सेक्टर के उद्योगपतियों से वन-टू-वन चर्चा की गई। प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन सिंह ने पीएम मित्रा पार्क धार, राज्य की नीतियों, निवेश प्रोत्साहन से अवगत कराया। वन-टू-वन चर्चा में विशेष रूप से ट्रायडेंट ग्रुप के चेयरमैन राजिंदर गुप्ता, वर्धमान ग्रुप के ज्वाइंट मैनेजिंग डायरेक्टर नीरज जैन, सनातन टेक्सटाइल लिमिटेड के ज्वाइंट मैनेजिंग डायरेक्टर अजय दत्तानी, शर्मनजी यॉर्नस प्रा. लि. के मैनेजिंग डायरेक्टर आशु जैन, एलएनजे भीलवाड़ा ग्रुप के ज्वाइंट मैनेजिंग डायरेक्टर राजीव गुप्ता, जैन कॉर्ड इंडस्ट्रीज़ के मैनेजिंग डायरेक्टर अनिल जैन, फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन्स के सदस्य, अपैरल एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल के सदस्य तथा बीएसएल सदस्यगण जैसे प्रतिष्ठित समूहों ने सक्रिय भागीदारी की और निवेश व सहयोग की संभावनाओं पर सार्थक विमर्श किया।