मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023
- फोटो : अमर उजाला
जबलपुर पश्चिम से सांसद राकेश सिंह जीते
जबलपुर जिले की जबलपुर पश्चिम सीट भी हॉट सीट मानी जा रही थी। यहां से भाजपा ने सांसद राकेश सिंह पर दांव आजमाया था। कांग्रेस ने पूर्व मंत्री तरुण भनोत को मौका दिया था। 2008 में भाजपा के हरेन्द्र जीत सिंह 'बब्बू' 8,901 वोटों से चुनाव जीते थे। 2013 में कांग्रेस के तरुण भनोत ने 923 से जीत हासिल की थी। 2018 में तरुण भनोत 18,683 वोटों से जीते थे। इस बार यहां 71.63 प्रतिशत लोगों ने सरकार चुनने में सहयोग दिया है। बता दें कि यहां से राकेश सिंह ने जीत दर्ज की है।
सतना से भाजपा सांसद गणेश सिंह हारे
सतना जिले की शहर सीट सतना पर भी प्रदेश के लोगों की नजरें थी। कांग्रेस ने वर्तमान विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा को टिकट दिया था। 2008 में भाजपा के शंकरलाल तिवारी को 10,800 वोटों के अंतर से जीत मिली थी। 2013 में शंकरलाल तिवारी 15,332 वोटों से जीते थे। 2018 में कांग्रेस ने 12,558 वोटों से जीत हासिल की थी। इस बार यहां 71.92 फीसदी लोगों ने मतदान किया था। लेकिन सांसद गणेश सिंह को हार का सामना करना पड़ा।
सीधी में भाजपा ने बदली रणनीति
पेशाब कांड के कारण सीधी विधानसभा सीट प्रदेशभर में चर्चित रही। यहां से भाजपा ने मौजूदा विधायक केदारनाथ शुक्ल का टिकट काटकर सांसद रीति पाठक को मैदान में उतारा था। कांग्रेस से यहां ज्ञान सिंह ने मोर्चा संभाला था। यहां तीन चुनावों से भाजपा के केदारनाथ शुक्ल जीतते आ रहे हैं। 2008 में उन्होंने 26,822 वोटों से जीत दर्ज की थी। 2013 में 2,360 मतों से जीते थे। 2018 में 19,986 वोटों से विजय पाई थी। इस बार यहां के 69.57 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया है। इस बार के चुनाव में रीति पाठक ने जीत दर्ज की है।
गाडरवाड़ा में उदय प्रताप सिंह जीते
नरसिंहपुर जिले की गाडरवारा सीट से भाजपा ने उदय प्रताप सिंह को प्रत्याशी बनाया था। उदय प्रताप वर्तमान में नर्मदापुरम लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं। कांग्रेस से कांग्रेस की सुनीता पटेल ने मोर्चा संभाला। 2008 में कांग्रेस की साधना स्थापक ने 6,103 वोटों से जीत दर्ज की थी। 2013 में भाजपा के गोविंद सिंह पटेल 25,313 वोटों से जीते थे। 2018 में कांग्रेस की सुनीता पटेल ने 15,363 वोटों के अंतर् से जीत दर्ज की थी। 2023 के चुनावों में इस सीट पर 83.30 प्रतिशत लोगों ने मतदान में हिस्सा लिया था। बता दें कि उदय प्रताप सिंह ने इस बार यहां से जीत दर्ज की है।
लहार से नेता प्रतिपक्ष चुनाव हारे
भिंड जिले की लहार विधानसभा सीट पर भी सबकी नजरें टिकी थी। यहां से विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह चुनाव लड़ रहे थे। भाजपा की ओर से अंबरीश शर्मा गुड्डु मैदान में रहे। 2008 में कांग्रेस के गोविंद सिंह 4,878 वोटों से जीते थे। 2013 में 6,273 वोटों से गोविंद सिंह जीते थे। 2018 में डॉ. गोविंद सिंह ने 9,073 वोटों से चुनाव जीता था। इस बार 67.24 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया है। लेकिन इस बार गोविंद सिंह यहां से चुनाव हार गए।