अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस यानि 8 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 1.27 करोड़ महिलाओं के खाते में करीब 1552.73 करोड़ और 26 लाख महिलाओं के खातों में गैस रीफिलिंग के लिए 55.95 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाली कई महिलाओं को राष्ट्रमाता पद्मावती पुरस्कार (2023), राजमाता विजयाराजे सिंधिया समाज सेवा पुरस्कार (2023-24), रानी अवंति बाई वीरता पुरस्कार (2024) और श्री विष्णु कुमार महिला एवं बाल कल्याण समाज सेवा सम्मान पुरस्कार (2024) से सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार बहनों के साथ है। इसके अलावा, सरकार ने शासकीय बहनों को 7 दिन का आकस्मिक अवकाश और संविदा कर्मचारी बहनों को 180 दिन का प्रसव अवकाश देने का संकल्प सरकार ने किया है।
उन्होंने कहा कि आज बड़ा सुखद संयोग है। हमने जिस हॉस्पिटल का शुभारंभ किया, उसकी संचालिका टेस्ट ट्यूब बेबी के माध्यम से 5000 बच्चों की मां हैं। हमारे लिए सौभाग्य है कि मेरे पूरे स्टाफ की जिम्मेदारी महिलाएं संभाल रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु देश के सर्वोच्च पद को सुशोभित कर रही हैं। स्व-सहायता समूह और आजीविका मिशन के माध्यम से प्रदेश में स्वावलंबन की धारा बह रही है। गंगा मोक्ष प्रदान करती है, आज का आनंद बड़ा सुखद है। सनातन संस्कृति में त्रिदेव संसार का संचालन करते हैं, लेकिन शक्ति के बिना संसार की कल्पना नहीं की जा सकती है। आदि शक्ति संसार को सुरक्षा प्रदान करती है। लक्ष्मी हमें समृद्धि प्रदान करती है। भारत दुनिया का इकलौता देश है, जो मातृशक्ति का सम्मान करता है।