फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ओरछा से भाजपा का बुंदेलखंड प्लान: केन-बेतवा को बनाया विकास का आधार, बूथ-मंडल मजबूत करने पर जोर

Sun, 30 Aug 2026 08:05 PM IST
Anand Pawar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल

सार

मध्यप्रदेश भाजपा की ओरछा में चल रही प्रदेश कार्यसमिति में बुंदेलखंड के विकास से लेकर किसान, युवा और रोजगार के मुद्दों पर चर्चा हुई। पार्टी ने केन-बेतवा लिंक परियोजना को विकास का बड़ा आधार बताते हुए कांग्रेस पर इसका विरोध करने का आरोप लगाया। बैठक में सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने और बूथ-मंडल स्तर पर संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर भी जोर दिया गया।
 
विज्ञापन
1 of 1
भाजपा महासचिव राहुल कोठारी - फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश भाजपा ने अपनी प्रदेश कार्यसमिति के दूसरे दिन बुंदेलखंड को लेकर अपना राजनीतिक एजेंडा साफ कर दिया। पार्टी ने केन-बेतवा लिंक परियोजना को क्षेत्र के विकास की सबसे बड़ी कड़ी बताते हुए कांग्रेस को घेरा। भाजपा का कहना है कि इस परियोजना से बुंदेलखंड में सिंचाई और पेयजल की समस्या कम होने के साथ कृषि, उद्योग और रोजगार को भी गति मिलेगी। कार्यसमिति में पारित राजनीतिक प्रस्ताव में कांग्रेस द्वारा परियोजना के विरोध की आलोचना भी की गई। भाजपा प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कार्यसमिति में बुंदेलखंड के अलावा किसान, महिला, युवा, जनजातीय वर्ग, उद्योग और रोजगार जैसे मुद्दों पर भी अगले दौर की रणनीति पर चर्चा हुई है। पार्टी अब बूथ और मंडल स्तर के संगठन को और मजबूत करने पर जोर देगी। 

ये भी पढ़ें-  मध्य प्रदेश में नई व्यवस्था: पेंशन फाइल अटकाई तो अब तय होगी जिम्मेदारी, हर स्तर पर 5 दिन की डेडलाइन

केन-बेतवा पर कांग्रेस को घेरने की तैयारी
भाजपा ने बुंदेलखंड के विकास को केन-बेतवा लिंक परियोजना से जोड़कर कांग्रेस पर राजनीतिक हमला तेज करने के संकेत दिए हैं। पार्टी का दावा है कि परियोजना से बुंदेलखंड में सिंचाई, पेयजल, बिजली, कृषि और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। राहुल कोठारी ने कहा कि कांग्रेस ने परियोजना का विरोध किया, जबकि भाजपा इसे बुंदेलखंड के लिए बड़ा बदलाव लाने वाली योजना मानती है। कार्यसमिति के राजनीतिक प्रस्ताव में कांग्रेस के विरोध की आलोचना इसी मुद्दे पर की गई है।

किसान कल्याण वर्ष पर भी फोकस
कार्यसमिति में किसानों को भी प्रमुख मुद्दा बनाया गया। भाजपा ने बताया कि राज्य सरकार ने 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मना रही है। पार्टी के अनुसार कृषि क्षेत्र के लिए 1.15 लाख करोड़ रुपए का बजट रखा गया है। भाजपा का दावा है कि किसान सम्मान निधि और मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के माध्यम से 84 लाख किसानों को अब तक करीब एक लाख करोड़ रुपए की राशि दी जा चुकी है। सरकार का लक्ष्य 2028-29 तक प्रदेश की सिंचाई क्षमता को 100 लाख हेक्टेयर तक पहुंचाना है। 

ये भी पढ़ें-  चित्रकूट में बुजुर्ग ने रोका सीएम मोहन का रास्ता, बोले- पहले मेरा घर देखो; मुख्यमंत्री साथ चलकर पहुंचे अंदर

रोजगार और निवेश को चुनावी रणनीति से जोड़ने की तैयारी
कार्यसमिति में औद्योगिक निवेश और रोजगार को भी अहम मुद्दा बनाया गया। भाजपा के मुताबिक ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के जरिए प्रदेश को 30.77 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें से 8.73 लाख करोड़ रुपए के निवेश जमीन पर उतरने का दावा किया गया है। धार में दो हजार करोड़ रुपए की लागत से पीएम मित्र पार्क का निर्माण भी इसी औद्योगिक विस्तार का हिस्सा बताया गया। पार्टी का कहना है कि इससे रोजगार के करीब तीन लाख अवसर पैदा करने का लक्ष्य है। सेमीकंडक्टर, ड्रोन, स्पेस टेक्नोलॉजी और लॉजिस्टिक्स जैसे नए क्षेत्रों में निवेश बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

बूथ से लेकर मंडल तक संगठन पर नजर
कार्यसमिति की चर्चा का एक बड़ा हिस्सा संगठन को मजबूत करने पर भी रहा। भाजपा अब बूथ और मंडल स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने की तैयारी कर रही है। आने वाले राजनीतिक अभियानों और चुनावों को देखते हुए स्थानीय स्तर पर संगठन को मजबूत करना पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल है। दतिया और विजयपुर जैसे उपचुनावों में लगे राजनीतिक झटकों के बाद संगठन की सक्रियता बढ़ाने की जरूरत भाजपा के लिए और महत्वपूर्ण हो गई है। ऐसे में कार्यसमिति से निकलने वाला संदेश केवल सरकार की उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि पार्टी संगठन को नीचे तक फिर सक्रिय करने पर भी जोर है। 

ये भी पढ़ें- चित्रकूट में उफनी मंदाकिनी: 30 फीट तक पहुंचा पानी; हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू, CM यादव पहुंचे प्रभावितों के बीच

ओरछा से सरकार और संगठन दोनों का संदेश
भगवान रामराजा सरकार की नगरी में हो रही कार्यसमिति के पहले दिन भाजपा ने सरकार की योजनाओं के साथ संगठन के अगले रोडमैप को भी सामने रखा। पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा संगठन की गतिविधियों पर प्रदर्शनी भी लगाई है।
राजनीतिक प्रस्ताव में सेवा, सुशासन, सामाजिक समरसता और विकसित मध्यप्रदेश को पार्टी के अगले अभियान का आधार बताया गया है। यानी ओरछा से भाजपा ने एक साथ बुंदेलखंड के विकास, सरकार के कामकाज और संगठन को मजबूत करने का संदेश देने की कोशिश की है।
Trending Videos
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें