मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में आतंक का पर्याय बना खूंखार तेंदुआ आखिरकार वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गया है। यह तेंदुआ बीते कुछ दिनों से ग्रामीणों पर हमले कर रहा था, जिसके कारण क्षेत्र में दहशत का माहौल था। मंगलवार रात पानसेमल वन परिक्षेत्र के ग्राम मोरतलाई में वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में यह तेंदुआ फंस गया। इस घटना ने ग्रामीणों को राहत दी है, लेकिन तेंदुए को देखने के लिए जमा हुई भारी भीड़ ने वन विभाग के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी। इस तेंदुए ने पहले एक पुरुष, एक बच्चे और हाल ही में एक महिला पर हमला किया था, जिसके बाद ग्रामीण वन विभाग से लगातार इसे पकड़ने की मांग कर रहे थे।