अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ओरछा में श्री रामराजा सरकार का पूजन किया। वहीं से रामलला की जन्मभूमि अयोध्या का सजीव प्रसारण देखा। इस दौरान उनके साथ पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान भी थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्री रामराजा सरकार मंदिर, ओरछा में आचार्य पंडित वीरेन्द्र बिदुआ और उनके सहयोगियों के श्लोक एवं मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की। डॉ. यादव ने आदित्यादि नवग्रह मंडलम पीठ, सर्वोत्तोभद्र मंडलम पीठ, श्री गणेश गौरी पीठ, श्री षोडष मातृका पीठ की विधि पूजन किया। भगवान श्री राम के चित्र पर पुष्प अर्पण करने के साथ ही मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों के साथ आरती भी की। पूजा संपन्न होने के बाद भजन गायिका माधुरी मधुकर ने भगवान श्री राम पर आधारित भजन प्रस्तुत किए। पूजन संपन्न कराने वाले आचार्य वीरेन्द्र बिदुआ ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं अन्य जनप्रतिनिधियों का पुष्पहार से स्वागत किया। सीएम ने मंदिर में श्री रामराजा सरकार के दर्शन कर पूजा अर्चना की। श्री राम से मध्यप्रदेश की समृद्धि और प्रदेशवासियों की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। मंदिर परिसर में ही उन्होंने श्री रामराजा लोक के मॉडल का अवलोकन किया तथा उसकी प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
ये भी पढें :
ओरछा पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, कहा- ‘हमारे रोम रोम में राम बसते हैं’