फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हादसे में ग्रामीण की मौत के बाद जमकर बवाल, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के प्लांट में लगाई आग, कई वाहन भी फूंके

Fri, 06 Nov 2020 12:20 PM IST
पंकज श्रीवास्‍तव न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अमेठी
विज्ञापन
1 of 6
धू-धूकर जलता पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे प्लांट, शिवबरन (फाइल फोटो) - फोटो : अमर उजाला
अमेठी में बाजार शुकुल के भटमऊ गांव के एक व्यक्ति की गुरुवार सुबह मिलर टैंकर की टक्कर से मौत के बाद ग्रामीण उग्र हो गए और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के प्लांट पर धावा बोल दिया। उग्र ग्रामीणों ने प्लांट को आग के हवाले करते हुए तोड़फोड़ व मारपीट शुरू कर दी। प्लांट के कर्मचारियों ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। सूचना पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे डीएम व एसपी ने स्थिति को नियंत्रित कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बाजार शुकुल थाना क्षेत्र के गांव भटमऊ में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे फेज-2 का प्लांट व कार्यालय संचालित हो रहा है।
विज्ञापन

2 of 6
एक्सप्रेस वे के अफसरों से जानकारी लेते डीएम व एसपी - फोटो : अमर उजाला
गुरुवार सुबह गांव निवासी शिवबरन (52) पैदल दूध देने पूरे बख्तावर गांव स्थित डेरी गया था। लौटते समय उसे प्लांट के टैंकर ने रौंद दिया। हादसे में शिवबरन की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने प्लांट पर धावा बोल दिया। वहां मौजूद सुरक्षा गार्डों ने विरोध किया तो ग्रामीण उन पर हमलावर हो गए और प्लांट को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते वहां भगदड़ मच गई। प्लांट कर्मचारियों ने वहां से भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही डीएम अरुण कुमार, एसपी दिनेश सिंह, एडीएम वंदिता श्रीवास्तव ने पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। फायर कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आगजनी में बैचिंग प्लांट, लैब, स्टोर, दो पिकअप तथा एक बाइक जल गई। ग्रामीणों ने तीन बोलेरो जीप, एक बाइक, अस्थाई पेट्रोलपंप व कार्यालय भी क्षतिग्रस्त कर दिया है। डीएम की ओर से मृतक शिवबरन के आश्रितों को किसान दुर्घटना बीमा योजना से पांच लाख रुपये व कार्यदाई संस्था गायत्री प्रोजेक्ट की ओर से पांच लाख रुपये मुआवजा दिलाने तथा चालक के खिलाफ केस दर्ज करने के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
 
विज्ञापन

3 of 6
शिवबरन (फाइल फोटो) - फोटो : अमर उजाला
शिवबरन की मौत से मचा कोहराम
दूध देने डेरी पर गए शिवबरन की हादसे में मौत की सूचना मिलते ही उसके घर में कोहराम मच गया। पत्नी सीमा रो-रोकर बेहोश हो रही थी तो बच्चों का भी बुरा हाल था। मृतक की बड़ी पुत्री लक्ष्मी की शादी हो गई है। शिवबरन अपने पीछे पत्नी के अलावा दीपक (18), अनुज (12), माया (14) व दया (15) को छोड़ गए हैं।

 

4 of 6
घटना में जले वाहन - फोटो : अमर उजाला
पुलिस व पीएसी तैनात
भटमऊ में बवाल की सूचना मिलते ही एसपी दिनेश सिंह के निर्देश पर कमरौली, जगदीशपुर, मुसाफिरखाना, संग्रामपुर व शिवरतनगंज पुलिस के साथ ही एक सेक्शन पीएसी मौके पर बुला ली गई। शव का दाह संस्कार होने तक पुलिस फोर्स की तैनाती पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के प्लांट व मृतक के गांव में की गई है। एसडीएम मुसाफिरखाना रामशंकर व सीओ मनोज कुमार यादव मौके पर कैंप कर रहे हैं।
 
विज्ञापन

5 of 6
आग बुझाते फायर कर्मी - फोटो : अमर उजाला
बवाल करने वालों पर होगी कार्रवाई : एसपी
एसपी ने बताया कि अभी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। कहा कि तहरीर मिलते ही तोडफ़ोड़ व मारपीट कर माहौल बिगाड़ने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का अधिकार किसी को नहीं है।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
घटना की जानकारी लेते हुए - फोटो : अमर उजाला
किया जा रहा नुकसान का आंकलन 
कार्यदाई संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर रामबाबू ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना उन्हें नहीं थी। एक साथ ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तोड़फोड़ करने लगे। सुरक्षा गार्डों ने ग्रामीणों को मना किया तो वे उन पर हमलावर हो गए और प्लांट को आग के हवाले कर दिया। कहा कि आगजनी व तोड़फोड़ में हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। प्लांट व कार्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज पुलिस को देकर उपद्रवियों की पहचान कराई जाएगी। नुकसान का आंकलन करने के बाद पुलिस को तहरीर दी जाएगी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें