उत्तर प्रदेश चुनाव के परिणाम भाजपा के लिए बेहद उत्साहित और एतिहासिक रहे। पार्टी ने 255 सीटें जीतकर दोबारा सत्ता में वापसी की है। इस जीत में कई ऐसे प्रत्याशी रहे जिन्होंने लाख वोटों के अंतर से सीटें जीतीं, वहीं कई ऐसे रहे जो हजार से भी कम वोटों से जीते।
विधानसभा चुनाव 2022 में कई रिकॉर्ड भी बने। गाजियाबाद जिले की साहिबाबाद सीट से भाजपा प्रत्याशी सुनील कुमार शर्मा ने सबसे ज्यादा अंतर से जीत दर्ज की। उन्हें कुल 3,22,882 वोट मिले। उन्होंने सपा प्रत्याशी अमरपाल शर्मा को 2,14,835 वोटों से हराया।
वहीं पंकज सिंह ने भी रिकॉर्ड जीत दर्ज की। उन्हें 244319 मत मिले। उन्होंने नोएडा से सपा उम्मीदवार सुनील चौधरी को 1,81,513 वोटों से हराया। आधा दर्जन सीटें ऐसी थीं, जहां हार-जीत का अंतर एक लाख से अधिक था और जीतने वाले सभी प्रत्याशी भाजपा के रहे हैं। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हैं। वहीं, 13 ऐसी सीटें भी रहीं, जहां हार-जीत का अंतर एक हजार से कम वोटों का रहा है। इनमें से भाजपा के खाते में 7 और सपा को 6 सीटें मिलीं।