फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जुगल किशोर ज्वैलर्स में करोड़ों की चोरी के मामले में खुलासा, सर्राफ ने ही दिया था आइडिया, कहा था-आधा माल मैं रखूंगा

Tue, 02 Mar 2021 06:07 PM IST
ishwar ashish न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
1 of 7
पुलिस की हिरासत में आरोपी। - फोटो : amar ujala
अमीनाबाद के लाला जुगल किशोर ज्वैलर्स एंड बैंकर्स की दुकान में चोरी का खुलासा पुलिस के लिए चुनौती था। इसके लिए पुलिस की दस टीमें लगी थीं। पुलिस को ई-रिक्शा व स्कूटी के बारे में जानकारी मिली। इसके सहारे वारदात का खुलासा हुआ। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने ज्वैलर्स की दुकान व पड़ोस की छत पर करीब 23 घंटे का समय बिताया था। चोरों ने पूछताछ के दौरान पुलिस के सामने कई राज उगले।

एडीसीपी पश्चिम राजेश श्रीवास्तव के मुताबिक, पकड़े गए चोरों में दो युवक जीजा-साले हैं। दोनों बिल्डर के रूप में काम करते हैं। तीन माह तक लगातार रेकी के बाद उन्होंने वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों से पूछताछ में सामने आया है कि वह बुधवार रात करीब एक बजे विवादित खंडहरनुमा मकान में दाखिल हुए। इसके बाद छत पर पहुंचकर लाला जुगल किशोर ज्वैलर्स की तीसरी मंजिल पर चढ़ गए। वहां से सीढ़ी पर लगे दरवाजे को खोलने के लिए उनको काफी मशक्कत करनी पड़ी।

रात में दरवाजा नहीं तोड़ सके तो दूसरे दिन छत पर ही बैठे रहे। एक-एक कर दीवार तोड़ रहे थे। छिपने के लिए बोरे का प्रयोग किया था। किसी तरह दूसरे दिन चार बजे के करीब दरवाजा तोड़ा। इसके बाद एक-एक कर सात बजे तीसरी मंजिल से भूतल पर पहुंचे। वहां तीन तिजोरियां थीं। उन्हें तोड़ने की कोशिश की। इसमें दो तिजोरियां दीवार में लगी थीं। सिर्फ दरवाजा ही बाहर की तरफ था। चोरों ने तीसरी तिजोरी को निशाना बनाया।
विज्ञापन

2 of 7
- फोटो : amar ujala
पैदल निकले, दो जगह उतरे थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद दुकान के पीछे के रास्ते से निकले। वहां से सीधे मौलवीगंज तिराहे पर निकले। वहां से पैदल ही चल पड़े। नक्खास चौराहे पर पहुंचकर वहां ई-रिक्शा किया। ई-रिक्शा अकबरी गेट के लिए बुक किया था। पुलिस को यह सारी जानकारी सीसीटीवी फुटेज के जरिए मिली। अकबरी गेट के पास पहुंचे तो वहां एक युवक उतर गया। इसके बाद रिक्शा लेकर मेफेयर होते हुए सआदतगंज की तरफ निकल गए। वहीं किराए के मकान पर सारा सामान बोरे में ही बंद रखा। सभी ने आपस में तय किया कि सामान का बंटवारा बाद में किया जाएगा। दूसरे दिन समाचार पत्रों के जरिए पुलिस की सक्रियता के बारे में जानकारी हासिल हुई। इसके बाद सभी चुप हो गए। बंटवारे के लिए मामले को शांत होने का इंतजार कर रहे थे।
विज्ञापन

3 of 7
- फोटो : amar ujala
तीन रॉड के सहारे तिजोरी को घुमाया, फिर काटा
पूछताछ में चोरों ने कुबूल किया कि जब दो तिजोरियों को तोड़ने में असफल रहे तो तीसरी तिजोरी को खोलने की कोशिश कर रहे थे। इसमें भी असफल होते दिखे। तभी दो रॉड के जरिए तिजोरी को ऊपर उठाकर रॉड के सहारे घुमा दिया। इसके बाद पिछले हिस्से में छह स्थान पर कटिंग की। इसी रास्ते से हाथ डालकर चोरों ने एक-एक कर तिजोरी के तीन रैक को साफ कर दिया। सारा सामान बोरे में लगातार भरते रहे।

4 of 7
क्राइम - फोटो : amar ujala
चोरों को खुद पता नहीं था कि यह कितने का सामान है और क्या- क्या सामान रख रहे हैं। वहीं शोकेस की दूसरी चाबी भी दुकान में एक ड्रॉ में रहती थी। वह चाबी उनके हाथ लग गई। चोरों ने चाबी से शोकेस खोल लिया। उसमें रखे हुए जेवरात भी साफ कर दिए। करीब 11.30 बजे वारदात को अंजाम देने के बाद जेवरात व नकदी बोरे में भरकर बाहर निकले।
विज्ञापन

5 of 7
- फोटो : amar ujala
राजधानी के एक सर्राफ ने दिया था आइडिया
पुलिस की पूछताछ में तीनों ने कबूल किया कि उनको इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए राजधानी के एक सर्राफ ने प्रेरित किया था। उसी के कहने पर लाला जुगल किशोर ज्वैलर्स की दुकानों को निशाना बनाया था। कारोबारी ने वादा किया था कि जो भी सामान चोरी करके लाएंगे, उसका आधा माल वह ले लेगा। बाकी माल की मोटी कीमत भी देगा। इसी लालच में आकर तीनों ने योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस इस कारोबारी की तलाश में जुट गई है। फिलहाल वह फरार बताया जा रहा है।
विज्ञापन

6 of 7
बरामद हुआ धन। - फोटो : amar ujala
दो बिल्डर तो एक की कबाब पराठे की दुकान
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गये तीनों काफी शातिर हैं। इसमें दो सबरूद्दीन अंसारी उर्फ शेरा और अंसारी अहमद दोनों आपस में साले-जीजा हैं। दोनों बिल्डिंग बनाने व ठेके का काम करते हैं। वहीं शोएब की डंडइया बाजार में कवाब पराठे की दुकान है। पुलिस के मुताबिक, शोएब कक्षा चार पास है। वहीं सबरुद्दीन अंसारी 7वीं पास है तो अंसार अहमद 10वीं पास। तीनों इतने शातिर हैं कि किसी भी वारदात को अंजाम दे सकते हैं। सबरूद्दीन अंसारी उर्फ शेरा के खिलाफ लखीमपुर खीरी में हत्या के प्रयास, चोरी व गिरोहबंद सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज था।
विज्ञापन
विज्ञापन

7 of 7
- फोटो : amar ujala
इस टीम ने किया खुलासा
वारदात के खुलासे के लिए प्रभारी निरीक्षक अमीनाबाद धर्मेंद्र सिंह यादव, अतिरिक्त निरीक्षक राजदेव मिश्रा, एसआई सत्येंद्र प्रताप सिंह, अनिल सिंह, सुधाकर पांडेय, विद्यासागर तिवारी, लकपत सिंह, कर्ण प्रताप सिंह, सुशील, संजीव, अखिलेश द्विवेदी, जनार्दन, फनीश, एसएसआई हजरतगंज अमरनाथ यादव, हिमांचल, मुख्य आरक्षी राकेश गुप्ता, प्रभात त्रिपाठी, कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार, मो. खलिक, राजकुमार, कोमल, मोनू, दीपक, विनय सिंह, नाहर, रामनिवास शुक्ला, विमल व मनोज ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें