फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पूरे समय कोर्ट में हंसता रहा हत्यारोपी अमनमणि, दहशत में दिखीं सारा की मां, तस्वीरें

Wed, 07 Dec 2016 11:08 PM IST
टीम डिजिटल/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
1 of 13
कोर्ट परिसर के आसपास अमनमणि के कई गुर्गे लग्जरी कारों और बाइक से देखे गए। दोपहर करीब पौने दो बजे वह कोर्ट रूम पहुंचा तो रिश्तेदार और करीबी उसे घेरे रहे। अमनमणि की पेशी की जानकारी पाकर सारा की मां सीमा सिंह भी आ गईं। अमनमणि जहां निश्चिंत होकर अधिकांश समय मुस्कुराता नजर आया वहीं सीमा सिंह के चेहरे पर दहशत साफ दिख रही थी।
विज्ञापन

2 of 13
उन्होंने कोर्ट रूम में मौजूद रहकर पूरी प्रक्रिया पर नजर रखी और अमनमणि से बात करने की कोशिश तो दूर उसे देखा तक नहीं। सीमा सिंह ने कहा, अमनमणि ने मेरी बेटी की हत्या की है और अब गिरफ्तारी के बाद वह उनकी और पूरे परिवार की हत्या करना चाहता है। उन्होंने सुरक्षा की मांग की। सुनवाई के दौरान सीमा सिंह कई बार बेटी को याद करके रो पड़ीं।
विज्ञापन

3 of 13
सीमा सिंह के साथ सामाजिक कार्यकर्ता व अधिवक्ता डॉ. नूतन ठाकुर भी थीं। सीमा सिंह ने यह भी कहा कि बेटी की हत्या में अमनमणि के अलावा कई अन्य लोग भी शामिल हैं। सीबीआई को इन्हें भी गिरफ्तार करना चाहिए। करीब चार बजे सीबीआई टीम अमनमणि को कोर्ट से लेकर चली गई।

4 of 13
वहीं, इसके पहले सीबीआई की विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट ने पत्नी सारा सिंह की हत्या के आरोपी अमनमणि त्रिपाठी का तीन दिन का ट्रांजिट रिमांड सोमवार को मंजूर कर लिया। एसजेएम नीलू मैनवाल ने सीबीआई को कहा, अमनमणि को आठ दिसंबर या इससे पहले गाजियाबाद स्थित सीबीआई के एसीजेएम के सामने पेश करें। रिमांड अर्जी पर सुनवाई के दौरान सारा की मां सीमा सिंह और अमनमणि के चाचा अजीतमणि त्रिपाठी व अन्य परिवारीजन मौजूद थे।
विज्ञापन

5 of 13
सीबीआई के एएसपी एसके सिंह के नेतृत्व में एक टीम ने पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी के बेटे अमनमणि को तीन दिन के रिमांड पर लेने के लिए यहां रौशनुद्दौला कोठी स्थित सीबीआई के स्पेशल कोर्ट में पेश किया। सीबीआई ने कोर्ट को बताया कि अमनमणि को पत्नी सारा सिंह की हत्या के मामले में 25 नवंबर को गिरफ्तार कर दिल्ली के साकेत स्थित सीएमएम के कोर्ट में पेश किया गया था। कोर्ट ने उसे तीन दिन के रिमांड पर सीबीआई को सौंप दिया था।
विज्ञापन

6 of 13
क्राइम सीन के रिक्रिएशन के लिए दिया गया रिमांड सोमवार को खत्म हो रहा है। लिहाजा आरोपी को गाजियाबाद की कोर्ट में पेश करने के लिए ट्रांजिट रिमांड स्वीकार किया जाए। इस पर कोर्ट ने सीबीआई की अर्जी स्वीकार कर ली। सीबीआई मंगलवार को अमनमणि को सड़क के रास्ते फीरोजाबाद स्थित घटनास्थल होते हुए गाजियाबाद ले जा सकती है। इस दौरान क्राइम सीन का रिक्रिएशन भी किया जाएगा।
विज्ञापन

7 of 13
मीडिया कर्मियों से बोला, आई एम इनोसेंट...
गिरफ्तारी के बाद सिविल अस्पताल में मीडिया कर्मियों से हाथापाई और कैमरा तोड़ने वाला अमनमणि त्रिपाठी सोमवार को मीडिया से बातचीत के बहाने ढूंढता रहा। कोर्ट में उसने कई बार अपने करीबियों के जरिए पत्रकारों को मैसेज भेजा। उनके जरिए अपनी बात रखी। कोर्ट से बाहर आते ही मीडिया कर्मियों से बात करने के लिए उसके कदम ठिठके। हालांकि, सीबीआई के अधिकारियों ने उसे आनन-फानन गाड़ी में बैठा दिया। इसके बावजूद अमनमणि ने पीछे मुड़ते हुए कहा, आई एम इनोसेंट...! सीबीआई उसे लेकर नवल किशोर रोड स्थित मुख्यालय चली गई।

8 of 13
वहां 140 की स्पीड से नहीं चल सकती कार
सीबीआई के सूत्रों ने बताया कि अमनमणि ने पत्नी सारा सिंह की हत्या की या नहीं, इसकी छानबीन चल रही है लेकिन एक बात स्पष्ट है। हादसे के वक्त अमनमणि ने कार की स्पीड 140 किलोमीटर होने की बात कही थी। सीबीआई ने जब फीरोजाबाद के सिरसागंज स्थित घटनास्थल का मौका-मुआयना किया तो यह स्पष्ट हो गया कि वहां 140 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से कार चलना संभव नहीं है।

9 of 13
सीबीआई को सारा की मौत के पीछे साजिश का पहला शक अमनमणि के इसी दावे से हुआ। अगर कार की गति वाकई इतनी थी तो अमनमणि को खरोंच तक क्यों नहीं आई? यह सीबीआई के शक की दूसरी वजह थी। इन दो कारणों से सीबीआई ने इस केस पर काम शुरू किया।

10 of 13
अमनमणि के साथियों से पूछताछ
सीबीआई ने रविवार और सोमवार को अमनमणि के कुछ साथियों को पूछताछ के लिए बुलाया। सूत्रों के मुताबिक अमनमणि के दो करीबी दोस्तों के अलावा पांच अन्य लोगों से सीबीआई ने नवल किशोर रोड स्थित ऑफिस में अलग-अलग वक्त आठ घंटे से ज्यादा पूछताछ की।

11 of 13
गाजियाबाद ट्रांसफर की जाएगी एफआईआर
सारा की हत्या के मामले में दर्ज एफआईआर गाजियाबाद ट्रांसफर की जाएगी। सीबीआई इसके लिए अगले तीन-चार दिन में कोर्ट में अर्जी देने की तैयारी कर रही है। सूत्रों ने बताया कि  इस मामले की एफआईआर दिल्ली में दर्ज की गई थी। चूंकि, यह मामला सीबीआई की क्राइम ब्रांच देख रही है। इसलिए एफआईआर लखनऊ ट्रांसफर कर दी गई। फीरोजाबाद जनपद सीबीआई के गाजियाबाद जोन में आता है। इसलिए लखनऊ भेजी गई एफआईआर को वहां ट्रांसफर किया जाएगा।

12 of 13
चाचा ने कहा, परेशान कर रही सीबीआई
कोर्ट में मौजूद अमनमणि के चाचा अजीत मणि त्रिपाठी ने सीबीआई पर परेशान करने का आरोप लगाया है। उन्होंने राजनीतिक लाभ लेने के लिए भी अमरमणि और अमनमणि को फंसाने की बात कही। अजीत मणि ने कहा, गोरखपुर और आसपास अमरमणि का राजनीतिक दबदबा है। उन्होंने दावा किया कि पिछली बार करीब 500 वोट से हारा अमनमणि इस बार नौतनवां सीट से भारी मतों से जीतेगा। एक दल उसका व उसके पिता का राजनीतिक कॅरिअर तबाह करना चाहता है। इसलिए कानूनी दांव-पेंच में पूरे परिवार को फंसा दिया। उन्होंने कहा, सीबीआई के पास पूछने के लिए कोई सवाल नहीं है। वही घिसे-पिटे सवाल घुमाकर पूछ रही है। उन्होंने अमनमणि को प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया। (कोर्ट आया अमनमणि का परिवार)
 
विज्ञापन

13 of 13
27 जुलाई 2013 को अमनमणि और सारा ने अलीगंज के महावीरगंज स्थित आर्य समाज मंदिर में शादी की।

09 जुलाई 2015 की सुबह अमनमणि गोमतीनगर स्थित आवास से सारा को कार से दिल्ली के लिए लेकर निकला और फीरोजाबाद में सारा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई।

10 जुलाई 2015 को गोरखपुर के ठेकेदार ऋषि कुमार पांडेय के अपहरण के मामले में लखनऊ के गौतमपल्ली पुलिस के वांछित अमनमणि को फीरोजाबाद पुलिस ने पकड़कर लखनऊ पुलिस के सुपुर्द किया।

11 जुलाई 2015 को सारा की मां सीमा सिंह ने अमनमणि के पिता व पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी पर बेटी की हत्या की साजिश का आरोप लगाते हुए सीबीआई जांच की मांग की।

25 अक्तूबर 2015 को सीबीआई ने दिल्ली में सारा सिंह की हत्या का केस दर्ज कर छानबीन शुरू की।

25 नवंबर 2016 को अमनमणि को पूछताछ के लिए दिल्ली स्थित सीबीआई मुख्यालय बुलाया गया और वहीं गिरफ्तार कर लिया गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें