चोरी गए गहनों पर इंडियन ओवरसीज बैंक प्रबंधन की चुप्पी लॉकर धारकों का दर्द बढ़ा रही है। घटना के तीन दिन बाद भी मंगलवार को ग्राहक अपने चोरी गए सामान की जानकारी लेने चिनहट के मटियारी स्थित बैंक पहुंचे। बताया कि मीडिया से ही आरोपियों के मुठभेड़ में मारे जाने व माल बरामदगी की जानकारी मिली इसीलिए बैंक पहुंचकर जानकारी कर रहे हैं कि हमारा चोरी गया सामान कैसे मिलेगा? बैंक ने इस संबंध में न तो कोई सूचना दी और न ही कोई नोटिस चस्पा है।
ग्राहकों ने बताया कि यहां आकर प्रबंधन से जानकारी करने पर पता चला कि जिनके लॉकर से रकम या गहने चोरी हुए हैं, उनकी सूची कवरिंग लेटर के साथ मांगी जा रही है। ग्राहकों ने बताया कि पुलिस ने जो माल बरामद किया है, वह कोर्ट चला जाएगा। क्या सामान मिलेगा क्या नहीं? इस पर भी संशय है। लेकिन, बैंक की तरफ से सामान या मुआवजा पाने की क्या प्रक्रिया होगी। इस पर भी कुछ साफ नहीं किया गया है।