समाजवादी पार्टी ने सोमवार को सात और उम्मीदवार बदल दिए। सपा के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने अमेठी जिले की जगदीशपुर सीट पर अजीत प्रसाद का टिकट काटकर विमलेश सरोज को उम्मीदवार बनाया है। अजीत कैबिनेट मंत्री अवधेश प्रसाद के बेटे हैं। रायबरेली की तिलोई सीट पर मयंकेश्वर शरण सिंह की जगह जैनुल हसन को उम्मीदवार बनाया गया है। मयंकेश्वर शरण के जल्द ही भाजपा में शामिल होने की अटकलें हैं।
विज्ञापन
2 of 4
जैनुल हसन जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं और सपा की जिला इकाई में कोषाध्यक्ष हैं। इसके अलावा हरदोई की बिलग्राम मल्लावां सीट से सुभाष पाल के स्थान पर अनीस मंसूरी को टिकट दिया गया है। अनीस लंबे समय से पसमांदा समाज को जोड़ने का काम कर रहे हैं। जालौन जिले की दो सीटों पर प्रत्याशी बदले गए हैं।
विज्ञापन
3 of 4
माधवगढ़ में लाखन सिंह कुशवाहा की जगह आरपी निरंजन और कालपी में विष्णुपाल सिंह उर्फ नन्नू राज के स्थान पर अनूप कुमार सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है। सपा अब तक कुल 175 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। हारी हुई केवल चार सीटों पर सपा प्रत्याशियों का एलान होना बाकी है। मौजूदा सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा विधानमंडल के संक्षिप्त सत्र के बाद की जाएगी।
अमापुर व खागा में 48 घंटे में ही नए प्रत्याशी
अमापुर (कासगंज) और खागा (फतेहपुर) सीट पर तो घोषित प्रत्याशियों को 48 घंटे के भीतर ही बदल दिया गया। अमापुर से वीरेंद्र सोलंकी के स्थान पर राहुल पांडेय और खागा से ओमप्रकाश गिहार की जगह विनोद पासी को उम्मीदवार बनाया है। इन दोनों प्रत्याशियों की घोषणा 10 दिसंबर को की गई थी।