सब्जियों के दाम में दिनों दिन बढ़ती महंगाई ने आम आदमी के भोजन का स्वाद फीका बना दिया है। हरी सब्जियों से लेकर प्याज टमाटर तक सामान्य कीमतों की तुलना में विगत दो महीने के दौरान दुगनी कीमतें बढ़ी हैं। इन दिनों टमाटर 60-70 रुपये किलो, आलू व तरोई 30-35 रुपये किलो, अदरख व हरी मिर्च 80 रुपये किलो व शिमला मिर्च 50-60 रुपये किलो में बिक रहा है। सब्जियों के साथ अरहर की दाल व उड़द की दाल ने आम आदमी की दुश्वारियां बढ़ा दी हैं। आम उपभोक्ताओं की शिकायत है कि आढ़तियों की जमाखोरी से आलू व प्याज की भरपूर पैदावार होने के बावजूद सब्जियों की कीमतें आसमान छू रही हैं। लौकी और भिंडी ही कभी कभार बीस से तीस रुपये किलो में मिल जाती हैं। गोभी की आवक कम होने से तीस से पचास रुपये प्रति फूल खरीद पाना सामान्य लोगों के लिए एक सपना है।