साकेत महाविद्यालय से शनिवार सुबह जब भगवान श्रीराम की राज्याभिषेक यात्रा निकली तो पूरी अयोध्या राममय हो उठी। श्रीराम के स्वागत में न सिर्फ संस्कृतियों का सागर उमड़ पड़ा बल्कि उनकी एक झलक पाने के लिए अयोध्यावासी दौड़ पड़े। श्री राम की राज्याभिषेक यात्रा ने जन-जन के राम की अलख जगाई।
चलत विमान कोलाहल होई, जय रघुवीर कहै सब कोई.... बजाओ ढोल स्वागत में मेरे घर राम आए हैं... कुछ इसी तरीके का दृश्य अयोध्या में जीवंत को उठा।
जैसे ही जय श्रीराम के शंखनाद के साथ शोभायात्रा सड़कों पर निकली तो अयोध्यावासी जो जहां था ,जैसे था, उसी अंदाज में दर्शन को दौड़ पड़ा। लखनऊ से पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ठीक सुबह पहुंचे। सांसद लल्लू सिंह, नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता की मौजूदगी में शंखनाद की ध्वनि के बीच जय श्रीराम का उद्घोष होते ही समूची अयोध्या मानो त्रेता युग की तरह राम के स्वागत में दौड़ पड़ी।