राजधानी की सड़कों पर प्रवासियों की भीड़ उमड़ने का सिलसिला जारी है। ऐसे में राजधानी पुलिस लॉकडाउन की व्यवस्था भूलकर बाहर से आने वाले मजदूरों में उलझ गई है। अधिकारियों ने दूर-दराज से पैदल, साइकिल या अन्य साधनों से आ रहे मजदूरों को राजधानी में प्रवेश कराए बगैर आगे भेजने में पूरी ताकत झोंक दी है। रविवार को सुबह से शाम तक कानपुर रोड पर बंथरा बार्डर और काकोरी के एक्सप्रेस वे स्थित टोल प्लाजा पर पुलिस की टीम मजदूरों को ट्रकों-टैंकर व अन्य साधनों से गंतव्य स्थल तक भेजने में व्यस्त रही। पुलिस आयुक्त सुजीत पांडेय ने बताया कि रविवार को बाहर से पैदल, साइकिल अथवा अन्य साधनों से हजारों मजदूरों के राजधानी पहुंचने का सिलसिला जारी था। अधिकतर मजदूर कानपुर और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे से राजधानी की तरफ आ रहे हैं।