उमराव जान फिल्म से रेखा को अभिनय के नए मुकाम पर पहुंचाने वाले फिल्म निर्देशक मुजफ्फर अली एक बार फिर से पीरियड फिल्म लेकर आ रहे हैं। इस बार उनकी फिल्म में नायिका पारिया कुरैशी हैं। क्या आपको पारिया में रेखा की झलक मिलती है?
मुजफ्फर अली की फिल्म जानिसार का म्यूजिक लॉच बुधवार को किया गया। इस मौके पर जानिसार फिल्म की लीड एक्ट्रेस पारिया कुरैशी भी मौजूद रहीं। वहां मौजूद हर शख्स पारिया में रेखा का अक्स तलाशता रहा। फिल्म में जिस गेटअप में पारिया नजर आने वाली हैं कुछ उसी गेटअप में उमराव जान फिल्म में रेखा नजर आईं थीं।
एक होटल में हुए इस कार्यक्रम में अभिनेता इमरान,अभिनेत्री परनिया कुरैशी और निर्देशक मुजफ्फर अली समेत तमाम क्रू मेंबर्स मौजूद रहे। बेगम हबीबुल्ला, वरिष्ठ अदाकारा फर्रुख जफर, वरिष्ठ रंगकर्मी पद्मश्री राज बिसारिया भी यहां मौजूद रहें।
फिल्म की कलाकार पारिया कुरैशी ने बताया कि इस फिल्म में उन्होंने 1857 के बाद के हिंदुस्तान की एक लड़की की भूमिका निभाई है। एक अन्य कलाकार इमरान अब्बास ने बताया कि वह फिल्म में अवध के एक राजकुमार की भूमिका निभा रहे हैं जो विदेश से लौटकर अपनी धरती के लिए लड़ता है।
कुरैशी ने बताया कि फिल्म में उर्दू के अच्छे उपयोग पर उन्होंने बहुत जोर दिया। वहीं, पाकिस्तानी टीवी सीरियल के कलाकार अब्बास ने कहा कि वे शायरी में रुचि रखते थे, इसलिए अच्छी उर्दू जानते हैं। इस नाते उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई। इन कलाकारों ने कहा कि फिल्म में अवध और लखनऊ को खूबसूरती से फिल्माया गया है। फिल्म यहां के नागरिकों के लिए एक यादगार अनुभव बनेगी।
लीड रोल निभाने वाले इमरान ने कहा, शूटिंग के दौरान कई रोंगटे खड़े कर देने वाले मौके भी आए। दुधवा का जंगल उनमें से एक था। उन्होंने बताया कि दुधवा के जंगलों में शूटिंग के अगले दिन जहां शूट हुआ वहां टाइगर, लेपर्ड के पगमार्क टीम को मिलते थे।
दुधवा के जंगलों की खूबसूरती के अलावा सफेद बारादरी और शहर की कुछेक पुरानी इमारतों के शाट्स देख लोग उन्हें पहचान न सके। फिल्म की शूटिंग जून 2014 में ही पूरी हो चुकी है। यह फिल्म अगस्त में रिलीज हो सकती है। निर्देशक की शिकायत है कि मल्टीप्लेक्स उन्हें फिल्म के लिए जरूरत भर की स्क्रीन नहीं दे रहे हैं।