पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं से बृहस्पतिवार को लखनऊ गलन भरी कड़ाके की सर्दी की चपेट में आ गई। ठंड के मामले में लखनऊ ने शिमला, नैनीताल और कुल्लू को मात दे दी। यहां अधिकतम पारा सामान्य से 11 डिग्री कम 11.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीते 24 घंटों में यह 5.8 डिग्री लुढ़का। मौसम विभाग के मुताबिक अरसे बाद दिन के अधिकतम तापमान में 11 डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट देखी गई है।