लखनऊ के हजरतगंज में मीराबाई स्थित वाणिज्य कर भवन के पांचवें तल पर बुधवार सुबह भीषण आग लग गई। पांचवें तल पर ही टाइल्स कारोबारियों के यहां छापे में पकड़ी गई टैक्स चोरी के महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे, वह भी जलकर राख हो गए। आग इतनी भीषण थी कि 12 दमकल गाड़ियों ने दस घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लपटों पर पूरी तरह से काबू पाया।
विज्ञापन
2 of 7
सूत्रों के अनुसार, आग से करीब 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ लेकिन अधिकारी यह नुकसान 30 लाख तक ही बता रहे हैं। अफसरों का दावा कि 25 लाख रुपये से ऑनलाइन रिटर्न दाखिल करने वाले व्यापारियों का ब्योरा सिस्टम पर उपलब्ध है। हादसे के चलते कोई काम नहीं हुआ। शक्ति भवन के ठीक पीछे स्थित वाणिज्य कर भवन में सुबह 8:30 बजे पांचवें तल की खिड़कियों से आग की लपटें व धुआं निकलता देख अफरातफरी मच गई।
विज्ञापन
3 of 7
पांचवें तल पर सी ब्लॉक में आग लगने की शुरुआत निर्धारण कक्ष सेक्टर-14 से हुई। इसके बाद आग ने सेक्टर 15 व 16 को भी चपेट में ले लिया। सूचना पर दमकलकर्मी और अफसर पहुंचे, लेकिन तब तक धुआं इमारत में इस कदर भर चुका था कि अंदर जाने में दिक्कत हो रही थी।
4 of 7
12 दमकल गाड़ियों ने दोपहर दो बजे तक धधकती आग को तो बुझा लिया, लेकिन कक्ष में जल रहीं फाइलों को बुझाने में शाम 6:30 बजे गए। इसके बाद अफसरों व कर्मियों ने सेक्टर 14, 15 व 16 कक्ष का निरीक्षण किया, जहां सब कुछ राख हो चुका था। जो फाइल बची थीं वह पानी से खराब गईं।
विज्ञापन
5 of 7
जिन सेक्टर में आग लगी वहां, त्रिवेणीनगर, सीतापुर रोड, महानगर, विकासनगर, बीकेटी व इटौंजा में टाइल्स कारोबारियों के दस्तावेज रखे थे। हादसे में तीन सेक्टरों के एसी, कम्प्यूटर, सीपीओ, फर्नीचर, पर्दा, वायरिंग व व्यापारियों की फाइलें राख हो गईं। एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-1 डॉ. बुद्धेशमणि के अनुसार, हादसे में 30 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
विज्ञापन
6 of 7
...तो यह है अग्निकांड की वजह
अधिकारी शॉट सर्किट से आग लगने की बात कर रहे हैं। दरअसल ठेकेदारों को फायदा पहुंचाने के लिए मनमाने तरीके से भवन में एयरकंडीशन लगाए गए। इसकी वजह से बढ़े लोड के चलते शॉर्ट सर्किट से आग लगी।
विभागीय अफसरों ने बताया कि जॉइंट कमिश्नर व एडिशनल कमिश्नर स्तर के अफसरों के कमरों में एयरकंडीशन लगने का आदेश है। लेकिन वाणिज्य कर अधिकारी, असिस्टेंट कमिश्नर, डिप्टी कमिश्नर के कक्षों में जरूरत से ज्यादा एयरकंडीशन लगाए गए। सूत्र बताते हैं कि वाणिज्य कर अधिकारी, असिस्टेंट कमिश्नर, डिप्टी कमिश्नर के कक्ष में एयरकंडीशन लगाने का परमीशन मुख्यालय से नहीं है।
जांच के निर्देश
लखनऊ जोन के रेंज एक के एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-1 डॉ. बुद्धेश मणि ने बताया कि अग्निकांड के कारणों की जांच करने का निर्देश डिप्टी कमिश्नर (प्रशासन) अनिल कुमार को दिया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
बड़ा सवाल : हादसा या साजिश
भले ही विभागीय अफसर कारोबारियों का ब्योरा ऑनलाइन सेव होने की बात कर रहे हैं, लेकिन टाइल्स कारोबारियों की ही फाइलों का जलना कई सवाल पैदा करता है। बड़ा सवाल तो यह है कि कहीं यह किसी की मिली भगत से टैक्स चोरी के कारोबारियों को बचाने की कवायद तो नहीं।