लखनऊ में नाका में होटल कारोबारी मुकेश मनवानी (40) की हत्या के विरोध में सिंधी समाज ने रविवार देर शाम को आलमबाग में कैंडिल मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। सिंधी समाज के लोगों ने हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की। उधर नाका पुलिस ने आरोपी राजेन्द्र दुआ के असलहे के लाइसेंस के निरस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने सात स्थानों पर दबिश दी। लेकिन कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। वहीं, शनिवार को पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी पारूल को जेल भेज दिया गया।
लखनऊ में सरेआम व्यापारी की गोली मारकर हत्या, बवाल-तोड़फोड़, एक गिरफ्तार
विज्ञापन
2 of 5
रविवार शाम करीब सात बजे सिंधी समाज के लोग आलमबाग के वीआईपी रोड पर इकट्ठा हुए। इसके बाद कैंडिल मार्च शिवशान्ति आश्रम से बाराबीरवा चौराहे होते हुए आलमबाग चौराहे के पास संत कंवर राम की मूर्ति तक समाज केलोगों ने हाथों में कैंडिल लेकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए आलमबाग चौराहे पर पहुंचे। इस दौरान सीओ आलमबाग, इंस्पेक्टर आलमबाग, एसओ कृष्णानगर सहित कई थानों की पुलिस सुरक्षा में लगी रही। समाज के लोगों की मांग थी कि सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी करके उनके खिलाफ गैंगेस्टर की कार्रवाई की जाए। मृतक के बच्चों को दो करोड़ रुपये मुआवजा व आरोपी का होटल सीज किया जाए। इस दौरान मृतक मुकेश का भाई सुनील मनवानी, अतुल राज्यपाल, सतीश आडवाणी, राजीवन मनवानी, वंदना, पिंकी, कंचन, अमीषा सहित हजारों लोग मौजूद थे।
विज्ञापन
3 of 5
बता दें कि नाका की गुरुनानक मार्केट में इलेक्ट्रॉनिक्स शॉप व शुभम लॉज के मालिक कृष्णानगर के नटखेड़ा रोड रामगली निवासी मुकेश मनवानी (40) की शुक्रवार दोपहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मुकेश भाजपा के गुरुनानक वार्ड के अध्यक्ष थे। उनका नाका में ही रॉयल पंजाब नाम से होटल चलाने वाले बलबीर सिंह दुआ से विवाद चल रहा था। मुकेश कुछ दिनों से गुरुनानक मार्केट स्थित अपने लॉज में निर्माण करवा रहे थे। बृहस्पतिवार को उसने लॉज के एक हिस्से में दीवार उठवाने के साथ छत डलवाई थी। बलबीर इसका विरोध कर रहा था। उसका कहना था कि जिस जमीन पर मुकेश ने दीवार उठवाई थी, वह उसके हिस्से की है। इसी रंजिश में बलबीर ने अपने साथी जसवीर, राजेंद्र, मंजीत, शेरू और पारुल के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने बलबीर को गिरफ्तार कर लिया था।
4 of 5
सहयोगी पारूल भी गया जेल
इंस्पेक्टर नाका परशुराम सिंह ने बताया कि मुकेश मनवानी हत्याकांड में छह आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। जिसमें बलबीर को पहले ही दिन गिरफ्तार कर लिया गया। शनिवार को दूसरे आरोपी परूल को भी गिरफ्तार कर लिया गया। रविवार दोपहर को पारूल को जेल भेज दिया। वहीं आरोपी राजेन्द्र दुआ के असलहे के लाइसेंस का निरस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसके लिए शासन को पत्र लिखा गया है। उधर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर छापेमारी की गई। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।