मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
- फोटो : amar ujala
बिहार में रामराज्य का उदय होने जा रहा
सीएम योगी ने कहा, बिहार की यह पावन धरती, जो मां भगवती जानकी की आत्मा कही जाती है, उन सभी रामद्रोही ताकतों को स्पष्ट संदेश दे रही है कि अब बिहार में रामराज्य का उदय होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा देकर कहा था कि भगवान राम हुए ही नहीं। यही कांग्रेस, यही आरजेडी और इनके साथी यूपी की समाजवादी पार्टी ने अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं।
आज वही लोग बिहार में धर्म और विकास के नाम पर जनता को छलने आए हैं। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस और आरजेडी की वही जोड़ी है जिसने न केवल बिहार को हिंसा, नरसंहार और अराजकता की आग में झोंका, बल्कि मां जानकी और भगवान श्रीराम के अस्तित्व तक पर सवाल उठाया था। जो राम का विरोधी है, वह भारत का विरोधी है, वह मिथिला का भी विरोधी है और वो हम सब का विरोधी है।
मखाना बोर्ड और लाख चूड़ी उद्योग को मिली नई पहचान
सीएम योगी ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिथिला की पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठा दिलाने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने दरभंगा के मखाना उद्योग को राष्ट्रीय बोर्ड बनाकर सम्मानित किया और लाख की चूड़ियों को नई पहचान दिलाई। बिहार में सड़क, रेल, एयर और अब जलमार्ग हर दिशा में कनेक्टिविटी का नेटवर्क तैयार हुआ है। हल्दिया से अयोध्या तक इनलैंड वॉटरवे के जरिए बिहार, बंगाल और यूपी को जोड़ा गया है। यही विकास की असली गंगा है।
कांग्रेस-आरजेडी के राज में हुआ था नरसंहार
सीएम योगी ने कहा, आरजेडी की सरकार के समय बिहार नरसंहारों से दहला रहता था, बेटियां असुरक्षित थीं, व्यापारी भयभीत थे। उन्होंने जाति के नाम पर समाज को तोड़ा, अपहरण को उद्योग बना दिया। लेकिन अब एनडीए की सरकार में न दंगा है, न भय।
यूपी की तरह बिहार को भी माफिया और अराजकता से मुक्त करना है। उन्होंने कहा कि आज यूपी में माफिया की छाती पर बुलडोजर चलता है। जो लूटेगा, उसका सब कुछ जाएगा और वही संपत्ति गरीबों को घर बनाकर दी जाएगी। यही है गरीबों के हित में न्याय की नई परिभाषा।