रामनगरी में तीन दिवसीय दीपोत्सव का शुक्रवार को आगाज हो गया। पूरी अयोध्या सज-धज गई है और राम की पैड़ी पर रविवार को 15 लाख दीप प्रज्ज्वलित कर नया कीर्तिमान रचने को बेकरार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसके साक्षी बनेंगे। वे रविवार शाम रामनगरी पहुंचेंगे। सरयू घाट, राम की पैड़ी से रामकथा पार्क तक सजी-धजी रोशनी से अयोध्या जगमगा उठी है।
तीन दिवसीय दीपोत्सव का शुक्रवार को आगाज हुआ तो पूरी रामनगरी दुल्हन की तरह सजी-धजी नजर आई। हर तरफ उल्लास और भगवान श्रीराम की स्तुति व भजनों से रामनगरी राममय हो उठी है। इस दीपोत्सव में रामनगरी नया इतिहास रचने को बेकरार है। पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इसमें शामिल हो रहे हैं। राम की पैड़ी पर 15 लाख दीप जलाकर नया विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी है। जिसके साक्षी पीएम नरेंद्र मोदी भी होंगे। पूरी अयोध्या को 20 लाख दीपों से रोशन किया जाना है। अयोध्या को देखकर लगा रहा है कि जैसे राजा राम सगुण-साकार ज्योति रूप में अवतरित हो रहे हों। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से इस बार उत्साह कई गुना ज्यादा है।
विज्ञापन
2 of 10
अयोध्या में दीपोत्सव की तैयारी
- फोटो : अमर उजाला
अवध विवि के हजारों छात्र-छात्राओं की टीम राम की पैड़ी पर दीपों की माला सजा रही है। उदया चौराहे से लेकर सरयू घाट तक, राम की पैड़ी से रामकथा पार्क तक सजी-धजी रोशनी से जगमग अयोध्या भक्तों को निहाल कर रही है। मुख्य राजमार्ग के दोनों तरफ होर्डिंग, भव्य द्वार दीपोत्सव को प्रांतीय रूप दे रहे हैं। तरह-तरह के तोरणद्वार और घाटों की सजीधजी श्रृंखला सबको भा रही है। लेजर लाइट की रंगीन रोशनी से सरयू का तटीय क्षेत्र नहा उठा है। इस मौके पर लोक संस्कृति भी अछूती नहीं है। रामकथा पार्क के पास सजा रामबाजार भक्तों को लुभा रहा है। यहां बने सांस्कृतिक मंच से लोक संस्कृति की झलक दिख रही है।
विज्ञापन
3 of 10
अयोध्या में दीपोत्सव की तैयारी
- फोटो : अमर उजाला
दीपोत्सव में पीएम मोदी के आगमन को लेकर तैयारियां चरम पर हैं। रामनगरी के मुख्य मार्ग सहित हाईवे तक की सड़कों को चमकाया जा रहा है। सड़कों के गड्ढ़े भरे जा रहे हैं, कई स्थानों पर नई सड़क बन रही है। हाईवे पर जगह-जगह पैचिंग की जा रही है। डिवाइडर समेत प्रमुख चौराहे रंगे जा रहे हैं। सरयू तट पर रेत पर रामायण कालीन सुंदर आकृतियां उकेरी जा रही हैं। सरयू अतिथि गृह के सामने वाराणसी से आए काशी विद्यापीठ फाइन आर्ट्स विभाग के छात्र रेत पर आकृति बना रहे हैं। छात्र रूपेश सिंह के नेतृत्व में 20 छात्रों का दल दो दिनों से इस कार्य मे लगा है। इसमें सबसे पहले प्रधानमंत्री मोदी,फिर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कृति उकेरी जाएगी।
4 of 10
अयोध्या में दीपोत्सव की तैयारी
- फोटो : अमर उजाला
सरयू पुल से लेकर गोंडा सीमा तक भव्य सजावट की जा रही है। सरयू पुल को न सिर्फ फूलमालाओं से सजाया जा रहा है। बल्कि विशेष लाइटिंग भी की जा रही है। पूरा सरयू पुल गोंडा सीमा तक दूधिया रोशनी से प्रकाशमान होगा। लाइट युक्त झालरों से सरयू घाटों को प्रकाशमान करने की तैयारी है। सरयू पुल पर ही आतिशबाजी भी की जाएगी। सरयू के घाट पर बने मंच से पीएम मोदी आतिशबाजी देखेंगे।
विज्ञापन
5 of 10
अयोध्या में दीपोत्सव की तैयारी
- फोटो : अमर उजाला
अयोध्या में दीपोत्सव को लेकर पुलिस ने शनिवार की रात से रविवार की सुबह तक भारी वाहनों का रूट डायवर्जन किया है। पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने बताया कि 22 अक्तूबर की रात आठ बजे से 24 अक्तूबर की सुबह दस बजे तक गोंडा-अयोध्या मार्ग पर बड़े मालवाहक वाहनों, ट्रक, डीसीएम, ट्रैक्टर आदि वाहनों का रूट बदला जाएगा। एसपी ने बताया कि जनपद बस्ती की ओर से आने वाले वाहन जिन्हें अयोध्या के रास्ते लखनऊ की ओर जाना है। ऐसे वाहनों को लोलपुर चौराहे से कटरा तिराहा के रास्ते कोल्हमपुर मनकापुर अथवा कटी तिराहे से तरबगंज करनैलगंज होते हुए लखनऊ जाएंगे। ऐसे वाहन जिन्हें गोरखपुर व बस्ती जाना है वे सभी वाहन दर्जीकुआं से मनकापु कोल्हमपुर के रास्ते गोरखपुर जाएंगे। इसके अलावा नवाबगंज के कटी तिराहा के रास्ते कोल्हमपुर मनकापुर होते हुए गंतव्य तक जाएंगे।
विज्ञापन
6 of 10
अयोध्या में दीपोत्सव की तैयारी
- फोटो : अमर उजाला
दिव्य दीपोत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियों ने ऐसा कड़ा सुरक्षा घेरा बनाया है कि परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा। चप्पे-चप्पे पर नजर रहेगी। तमाम सुरक्षा एजेंसियों ने अयोध्या में डेरा डाल दिया है। इस बार छठे दीपोत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के चलते सुरक्षा व्यवस्था के लिए फुलप्रूफ प्लान तैयार किया गया है। प्रधानमंत्री का सुरक्षा घेरा चार स्तरीय बनाया गया है। उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी एसपीजी के हवाले रहेगी, जो कि गुरुवार को ही जिले में पहुंच चुकी है। हैलीपैड स्थल से लेकर प्रधानमंत्री के काफिले के पूरे रूट को सुरक्षा एजेंसियां भी खंगाल रही हैं। इस रास्ते पर एसपीजी ने अन्य सुरक्षा एजेंसियों व पुलिस के साथ कई बार फ्लीट का रिहर्सल भी किया है। प्रधानमंत्री के आगमन से लेकर उनके अयोध्या में रहने तक जिले व शहर की सीमाएं सील रहेंगी।
विज्ञापन
7 of 10
अयोध्या में दीपोत्सव की तैयारी
- फोटो : अमर उजाला
कई दशकों तक वोट बैंक की राजनीति के चलते उपेक्षा का शिकार रही रामनगरी अयोध्या महज साढ़े पांच साल में अध्यात्म, संस्कृति और विकास का नया संगम बन गई । अयोध्या में जहां एक ओर गौरवशाली परंपरा का वाहक भगवान राम का मंदिर बन रहा है वहीं दीपोत्सव सांस्कृतिक गाथा की कहानी कह रहा है। यहां बन रहे एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज, महाविद्यालय, आवासीय विद्यालय न केवल रामनगरी के भौतिक विकास को प्रदर्शित कर रहे हैं बल्कि इसे विश्व के आध्यात्मिक मानचित्र पर सबसे उच्च स्थान दिलाने की ओर बढ़ रहे हैं। प्रदेश की सत्ता संभालने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के अतीत को जोड़कर समृद्धशाली बनाने के लिए दीपोत्सव का आयोजन शुरू किया। पहले 1.71 लाख दीये जलाकर बना रिकॉर्ड इस वर्ष 18 लाख तक पहुंचने वाला है।
8 of 10
अयोध्या में दीपोत्सव की तैयारी
- फोटो : अमर उजाला
सरकार ने 28 सितंबर को स्वर कोकिला स्वर्गीय लता मंगेशकर के जन्मदिवस पर 14 टन की वीणा रखकर उनके नाम पर चौक का निर्माण कराया। सरकार ने संदेश दिया कि राम की नगरी में मां शारदे के स्वरूप में संस्कृति का भी प्रकाश बिखेरेगी। अयोध्या के कई द्वारों का नामकरण त्रेता की धरोहरों की याद दिलाएगा। अयोध्या-लखनऊ-गोरखपुर राजमार्ग पर भगवान राम और ऋषि-मुनियों की लगी प्रतिमाएं इस बात का प्रतीक हैं कि सरकार आने वाली भावी पीढ़ी के रोम-रोम में राम के आदर्शों को उतारना चाहती है।
9 of 10
अयोध्या में दीपोत्सव की तैयारी
- फोटो : अमर उजाला
सरकार अयोध्या का आध्यात्मिक विकास कराने के लिए पुरजोर कोशिश कर रही है। रामलला मंदिर में विराजमान हों, इसके लिए तेजी से काम चल रहा है। अयोध्या में सरयू नदी को निर्मल बनाने के साथ यहां के घाटों का पुनरुद्धार कराया गया है। राम की पैड़ी, सूर्यकुंड घाट, गुप्तार घाट को संवारने का भी कार्य किया गया है। अयोध्या में पर्यटन के क्षेत्र में निवेश के लिहाज से देश विदेश की कंपनियों की नजर है। सितंबर में विदेशी प्रतिनिधि मंडल ने यहां के विकास को देख निवेश की संभावना जताई। वहीं 2017 में यहां लगभग 1 करोड़ 78 लाख से अधिक पर्यटक आए। 2018 में 1 करोड़ 95 लाख और 2022 में मात्र 6 महीने में 2 करोड़ 21 लाख 38 हजार से अधिक पर्यटकों ने राम नगरी में शीश झुकाया।
अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम हवाई अड्डे का 50 फीसदी कार्य हो चुका है। 2023 से यहां से उड़ानें शुरू करने का लक्ष्य है। रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास तेजी से कराया जा रहा है। अयोध्या अकबरपुर बसखारी मार्ग फोन लेन निर्माण पर सरकार ध्यान दे रही है। इस पर गोसाईगंज, माया बाजार के नवनिर्माण के जरिए सुगम यातायात की व्यवस्था हो रही है। शिक्षा के क्षेत्र में 66.44 करोड़ से सरकार पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर आवासीय विद्यालय का निर्माण करा रही है। चिकित्सा क्षेत्र में राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज का मुख्य भवन बन गया है। डॉ. बृजकिशोर होम्योपैथी मेडिकल कॉलेज का कार्य भी तेजी से हो रहा है।