राम मंदिर निर्माण के लिए सोमवार से ही अयोध्या में अनुष्ठानों का दौर शुरू हो चुका है। 21 वैदिक आचार्यों ने सोमवार सुबह 9 बजे यजमान महेश भरतचक्रा को संकल्प दिलाते हुए पूजन प्रारंभ किया। मंगलवार को रामार्चा पूजा हो रही है, जिसे डॉ.रामानंद दास करा रहे हैं। कल भूमिपूजन के दिन अयोध्या, मथुरा, काशी व दिल्ली के आचार्य पूजन कराएंगे। उधर इसका उत्साह, उल्लास और उमंग कृष्ण की जन्मस्थली मथुरा में भी है। मंदिरों को सजाया गया है। भक्तों को पवन बेला में मुहं मीठा कराने के लिए प्रसाद बांटा जा रहा है। एक दूसरे को मंदिर निर्माण की बधाइयां दी जा रही हैं। शहर की फिजाओं में भी मंदिर निर्माण को लेकर उमंग है।