फिल्मी रामलीला में किरदार निभाने वाले कई कलाकार पहली बार अयोध्या आए हैं। इन्हें पहली बार में ही अयोध्या की धार्मिक आभा भा गई है। भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या में उनके ही जीवन की गाथा को प्रस्तुत करने पहुंचे कलाकारों से बात हुई तो सभी अयोध्या की आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत व प्रभावित नजर आए।
राम, सीता, लक्ष्मण आदि का किरदार निभाने वाले अभिनेताओं ने सरयू तट से मर्यादा व सौहार्द का संदेश देते हुए कहा कि अयोध्या आकर यह अहसास हुआ कि रामनगरी को यूं ही सौहार्द की नगरी नहीं कहा जाता है, बल्कि इस नगरी में धर्म का मर्म व सार छुपा हुआ है।