खून की कमी से किसी की जान न जाए, इसके लिए अमर उजाला फाउंडेशन ने रविवार को विश्व रक्तदाता दिवस पर ‘कोरोना योद्धाओं को सलाम’ स्लोगन के साथ अलग-अलग जिलों में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया। जिसमें बड़ी संख्या में रक्तदान करने के लिए लोग आगे आए।
लखनऊ में शिविर का आयोजन डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान गोमतीनगर के ब्लड बैंक और अवध हॉस्पिटल एवं हार्ट सेंटर की न्यू ओपीडी विंग राजपाल प्लाजा आलमबाग में किया गया।
लोहिया संस्थान में शिविर का उद्घाटन स्वास्थ्य मंत्री सुरेश खन्ना और अवध हॉस्पिटल में शिविर का शुभारंभ मेयर संयुक्ता भाटिया ने किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि रक्तदान के लिए लोगों को इकट्ठा करना एक बड़ा काम है और खुशी की बात है कि लोग खुद इसके लिए आगे आते हैं। ऐसा करके वो देश व समाज की सेवा कर मानव धर्म निभाते हैं। (तस्वीर में बायें स्वास्थ्य मंत्री सुरेश खन्ना व अवध हॉस्पिटल में मेयर संयुक्ता भाटिया)